काम की बात: LPG संकट के बीच गुरुग्रामवासियों के लिए गुड न्यूज! इन 8 इलाकों में बिछेगी PNG सप्लाई लाइन

Apr 03, 2026 09:48 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, कृष्ण कुमार
share

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सप्लाई के लिए शहर के 8 क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। गुरुग्राम नगर निगम ने पीएनजी के लिए लाइन बिछाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

LPG संकट के बीच गुरुग्रामवासियों के लिए गुड न्यूज! इन 8 इलाकों में बिछेगी PNG सप्लाई लाइन

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सप्लाई के लिए शहर के 8 क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। गुरुग्राम नगर निगम ने पीएनजी के लिए लाइन बिछाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

नगर निगम के आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, अप्रैल 2026 के दौरान विभिन्न निजी और सरकारी गैस वितरण कंपनियों को लगभग 38 हजार मीटर यानी 38 किलोमीटर से अधिक लंबी गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (मंजूरी पत्र या आशय पत्र) जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही इन सभी चिन्हित इलाकों में खुदाई और लाइन बिछाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा, जिसके बाद लोगों के घरों तक सीधा पाइप के जरिये रसोई गैस पहुंचने लगेगी। ढाई से तीन माह में कार्य पूरे होने की उम्मीद है।

गैस एजेंसियों द्वारा तैयार की गई इस नई गैस पाइपलाइन विस्तार योजना में सबसे अधिक फोकस शहर के रिहायशी इलाकों, पुरानी कॉलोनियों और तेजी से विकसित हो रहे नए सेक्टरों पर किया गया है। योजना के तहत इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड कंपनी को शहर के हंस एंक्लेव और सेक्टर-33 के पास 10 हजार मीटर यानी दस किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की जिम्मेदारी दी गई है। बेगमपुर खटोला क्षेत्र में भी इसी कंपनी द्वारा छह हजार मीटर का आधुनिक गैस नेटवर्क तैयार किया जाएगा। नगर निगम की तरफ से इन दोनों बड़ी परियोजनाओं को एक अप्रैल को आधिकारिक रूप से हरी झंडी मिल चुकी है।

इसके अलावा, एचसीजी समूह को पालम विहार (सेक्टर-2) में 9200 मीटर लंबी गैस पाइपलाइन बिछाने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही इस कंपनी द्वारा सेक्टर 15 पार्ट-1 में दो हजार मीटर और सेक्टर 7, 9 व 4 के संयुक्त क्षेत्रों में चार हजार मीटर लंबी गैस की लाइन बिछाई जाएगी। हजारों परिवारों द्वारा पिछले कई सालों से पीएनजी गैस कनेक्शन की लगातार मांग की जा रही थी।

साउथ सिटी, सनसिटी के लोगों को भी लाभ मिलेगा

एचसीजी एसकेएन नाम की गैस वितरण कंपनी को शहर के दक्षिणी हिस्सों में अपना नेटवर्क बढ़ाने की विधिवत अनुमति दी गई है। इस विस्तार योजना के दूसरे चरण में साउथ सिटी-2, लिलैक, सेक्टर 54 स्थित सनसिटी, सेक्टर 52 का बाजार क्षेत्र, सेक्टर 62 और सेक्टर 41 जैसे कई महत्वपूर्ण, व्यावसायिक और पॉश रिहायशी इलाके शामिल किए गए हैं। इन सभी क्षेत्रों में कंपनी द्वारा कुल मिलाकर पांच हजार मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

इन स्थानों पर लाइन बिछेगी

सेक्टर-38, सेक्टर-44, सेक्टर -15 पार्ट एक, पालम विहार सेक्टर-2, सेक्टर - 9/7/4, हंस एन्क्लेव, बेगमपुर खटोला और सेक्टर 54 सनसिटी

राहत मिलेगी : पीएनजी गैस परियोजना के पूरा होने से लाखों परिवारों को स्थायी राहत मिलेगी। लोगों को अब बार-बार एलपीजी सिलेंडर बुक करने और डिलीवरी का इंतजार करने से मुक्ति मिल जाएगी।

संदीप सिहाग, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम, पीएनजी लाइन बिछाने के लिए जिन एजेंसियों द्वारा आवेदन किया जा रहा है, उन एजेंसियों को बिना देरी के अनुमति दी जा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।