Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsZubeen Garg s Death Singapore Police Deny Foul Play Alcohol Involved
गायक जुबीन मौत मामले में किसी भी साजिश से इनकार

गायक जुबीन मौत मामले में किसी भी साजिश से इनकार

संक्षेप:

सिंगापुर पुलिस ने गायक जुबीन गर्ग की मौत की जांच में किसी साजिश से इनकार किया है। रिपोर्ट में बताया गया कि गर्ग नशे में थे और लाइफ जैकेट पहनने से मना कर दिया था, जिसके बाद उनकी डूबने से मौत हो गई। यह घटना 19 सितंबर को हुई, जब वह पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में प्रस्तुति देने आए थे।

Jan 14, 2026 08:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

सिंगापुर, एजेंसी। गायक जुबीन गर्ग की मौत को लेकर सिंगापुर पुलिस ने किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है। पुलिस ने बुधवार को अदालत को सौंपी अपनी रिपोर्ट में बताया कि गर्ग काफी नशे में थे और लाइफ जैकेट पहनने से मना करने के बाद डूब गए थे। पिछले साल सिंगापुर में आयोजित होने वाले पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में प्रस्तुति देने से एक दिन पहले 19 सितंबर को जुबीन की डूबने से मौत हो गई थी। चैनल ‘न्यूज एशिया’ की खबर के अनुसार, मुख्य जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि 52 वर्षीय गर्ग ने शुरू में लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन बाद में उसे उतार दिया और फिर उन्हें दी गई दूसरी लाइफ जैकेट को पहनने से भी इनकार कर दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

चैनल ने अधिकारी के हवाले से बताया कि उस समय गर्ग काफी नशे में थे और कई प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें नौका की ओर वापस तैरने की कोशिश करते देखा, तभी वह शिथिल पड़ गए और उनका शरीर पानी पर उतराता नजर आया। गर्ग को तुरंत नौका पर वापस लाया गया और उन्हें कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) दिया गया, लेकिन उसी दिन बाद में उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अदालत को बताया गया कि गायक उच्च रक्तचाप और मिर्गी से पीड़ित थे और उन्हें 2024 में इसका दौरा पड़ा था। चैनल की खबर के अनुसार, सिंगापुर पुलिस को उनकी मृत्यु में किसी प्रकार की साजिश का संदेह नहीं है। इस जांच में कुल 35 गवाहों को पेश किया जाएगा, जिनमें नौका पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी, नौका का कप्तान, पुलिस अधिकारी और पैरामेडिक्स शामिल हैं। मामले के मुख्य जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि गर्ग और नौका पर मौजूद लगभग 20 लोगों, जिनमें उनके दोस्त और सहकर्मी भी शामिल थे ने नौका पर कुछ नाश्ता किया था तथा पेय पदार्थ और शराब का सेवन किया था।