‘दस मिनट में डिलीवरी’ का कर्मियों पर दबाव नहीं : गोयल
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा कि गिग कार्य लचीले समय और कल्याणकारी सुविधाओं के कारण कई लोगों के लिए आय का भरोसेमंद साधन है। गोयल ने 2025 में डिलीवरी सहयोगियों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक बीमा सुरक्षा पर खर्च करने की जानकारी दी। टीजीपीडब्ल्यूयू के अध्यक्ष ने गोयल के बयान पर सवाल उठाए हैं।

गिग कर्मचारियों की कमाई और कामकाजी परिस्थितियों को लेकर जारी बहस के बीच जोमैटों के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा कि यह व्यवस्था डिलीवरी करने वाले कर्मियों पर दबाव नहीं डालती तथा लचीले कार्य घंटे और कल्याणकारी सुविधाएं गिग कार्य को अनेक लोगों के लिए आय का भरोसेमंद साधन बनाती हैं। गोयल की यह टिप्पणी ऐसे समय आई जब गिग कर्मियों के संगठन बेहतर भुगतान और कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। गोयल ने 'एक्स' पर लिखा कि वर्ष 2025 में जोमैटो और ब्लिंकिट ने डिलीवरी करने वाले सहयोगियों के लिए बीमा सुरक्षा पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए।
वर्ष 2025 में जोमैटो पर एक डिलीवरी सहयोगी की औसत प्रति घंटे की कमाई (उपदान को छोड़कर) 102 रुपये रही, जबकि वर्ष 2024 में यह 92 रुपये थी। यह वार्षिक आधार पर लगभग 10.9 प्रतिशत की वृद्धि है। उन्होंने दावा किया कि 10 मिनट में सामान पहुंचाने का वादा गिग कर्मियों पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं डालता। गोयल ने कहा कि लचीले कार्य समय और कल्याणकारी सुविधाएं गिग कार्य को अनेक लोगों के लिए आय का विश्वसनीय स्रोत बनाती हैं। गोयल ने कहा कि गिग भूमिकाओं के लिए भविष्य निधि या सुनिश्चित वेतन जैसे पूर्णकालिक कर्मचारी लाभों की मांग इस व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। बॉक्स दीपेंद्र गोयल खुद को बचाने की कोशिश कर रहे : सलाउद्दीन तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (टीजीपीडब्ल्यूयू) के संस्थापक अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन ने शनिवार को आरोप लगाया कि जोमैटो के सीईओ दीपेंद्र गोयल खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कई सवालों के जवाब अभी भी नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि फूड डिलीवरी ऐप्स के सीईओ और गिग वर्कर्स इस मामले पर चर्चा करने के लिए एक साथ बैठ सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सीईओर की बार-बार की धमकियों के बाद भी, गिग वर्कर्स ने शांतिपूर्ण हड़ताल जारी रखी, जिसके कारण 60% ऑर्डर में देरी हुई। उन्होंने कहा कि अगर समस्याएं हल नहीं हुईं, तो यह सिर्फ एक टीजर था, अभी और भी बहुत कुछ आने वाला है। उन्होंने कहा कि 10 मिनट की डिलीवरी सभी डिलीवरी ब्वाय के लिए मानसिक और शारीरिक तनाव है। इसे तुरंत हटा देना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




