खाली प्लॉट में लापता यूट्यूबर का शव मिला
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पीएम रिपोर्ट के बाद केस दर्ज होगा, परिजनों ने खुद ढूंढा शव, पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। मंडावली इलाके से शनिवार दोपहर संदिग्ध हालात में लापता हुए यूट्यूबर का शव सोमवार शाम आनंद विहार इलाके में एक खाली प्लॉट से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों ने मंडावली थाने के बाहर शव रखकर घेराव किया और लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस के मुताबिक, 31 वर्षीय पुष्पेंद्र उर्फ आकाश मंडावली के स्कूल ब्लॉक में परिवार के साथ रहते थे। उनका इलाके में गारमेंट शोरूम है।
वे फैशन से जुड़े वीडियो बनाकर ऑनलाइन कपड़े भी बेचते थे। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उनके करीब साढ़े चार लाख फॉलोअर हैं। परिवार में पिता बुधपाल सिंह, मां सुनीता, भाई विकास, पत्नी रितु और तीन साल की बेटी है।परिजनों ने खुद आखिरी लोकेशन निकालीपरिजनों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे आकाश डेढ़ लाख रुपये लेकर गांधी नगर से माल खरीदने के लिए निकले थे। दोपहर 2:20 बजे पत्नी ने फोन किया तो घंटी बजती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। करीब 2:33 बजे उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने मंडावली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। आरोप है कि एक सिपाही ने सीडीआर निकलवाने के नाम पर परिजनों से 10 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद भी पुलिस ने तलाश करने में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके बाद उन्होंने खुद ही फोन की आखिरी लोकेशन निकाली। सोमवार शाम आनंद विहार के टेलको टी-प्वाइंट के पास डीडीए के खाली प्लॉट में आकाश का शव मिला। कुछ दूरी पर उनका मोबाइल भी बंद हालत में पड़ा था।‘जांच में हत्या के संकेत नहीं मिले’परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या का आरोप लगाया है और सोने की चेन और नकदी गायब होने की बात कही है। हालांकि पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के संकेत नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


