
लूट का विरोध करने पर युवक को चाकू से गोदा
नई दिल्ली के न्यू अशोक नगर में लूट का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश कर रही है।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। न्यू अशोक नगर इलाके में लूट का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले नजदीकी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। एम्स में उसका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 32 वर्षीय जय प्रकाश ओल्ड कोंडली का रहने वाला है और मजदूरी करता है।
वारदात के समय वह काम से लौटकर घर जा रहा था। इसी दौरान कोंडली पुल के पास एक युवक ने उसे रोककर लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने जय प्रकाश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े जय प्रकाश को देखकर पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित का बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




