बवाना में स्कूटी सवार युवक को गोलियों से भूना
नई दिल्ली के बवाना इलाके में रविवार सुबह एक युवक भूपेंद्र डबास की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। भूपेंद्र, जो 24 वर्ष का था, अपने घर से बाहर निकलते समय हमलावरों का शिकार बना। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसमें प्रॉपर्टी विवाद की संभावना जताई जा रही है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बवाना इलाके में रविवार सुबह स्कूटी सवार युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 24 वर्षीय भूपेंद्र डबास के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार भूपेंद्र डबास अपने परिवार के साथ पूंठ खुर्द गांव में रहता था। रविवार सुबह वह स्कूटी से घर से निकला था। जब वह गांव के बाहर राज वाटिका के पास पहुंचा, तभी हमलावरों ने उस पर करीब छह राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से भूपेंद्र मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ पड़े भूपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भूपेंद्र के पिता कुलदीप का रिश्तेदारों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


