
अनिल अंबानी से लेनदेन में यस बैंक को हुआ नुकसान : सीबीआई
संक्षेप: यस बैंक के सह-संस्थापक राणा कपूर द्वारा अनिल अंबानी की कंपनियों में किए गए निवेश के कारण बैंक को 2,700 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सीबीआई ने इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है, जिसमें अनिल अंबानी और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।
यस बैंक के सह-संस्थापक राणा कपूर द्वारा अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली वित्तीय कंपनियों में निवेश करने के ‘एकतरफा फैसले’ के कारण बैंक को 2,700 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। यस बैंक और अनिल अंबानी की कंपनियों के बीच कथित धोखाधड़ी वाले लेनदेन से संबंधित एक मामले में सीबीआई के आरोपपत्र में यह बात कही गई है। सीबीआई ने पिछले महीने अनिल अंबानी, राणा कपूर और उनके परिवार के सदस्यों सहित 13 लोगों और संस्थाओं के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था। एजेंसी ने कहा कि मामले में अनिल अंबानी के बेटे और रिलायंस कैपिटल के तत्कालीन कार्यकारी निदेशक अनमोल अंबानी की भूमिका के संबंध में आगे की जांच जारी है।

यह मामला यस बैंक के मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा दर्ज दो अलग-अलग शिकायतों पर आधारित है। आरोप पत्र के अनुसार जब राणा कपूर यस बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे, तब बैंक ने 2017 और 2019 के बीच अनिल धीरूभाई अंबानी (एडीए) समूह की वित्तीय कंपनियों में 5,010 करोड़ रुपये का निवेश किया। आरोप पत्र में कहा गया कि कुल राशि में 3,337.5 करोड़ रुपये दिसंबर, 2019 तक फंसे हुए निवेश (एनपीआई) में बदल गए। इसमें आगे कहा गया कि बैंक इन निवेश के तहत मिली प्रतिभूतियों से संपूर्ण एनपीआई की वसूली नहीं कर सका और इस प्रकार उसे 2,796.77 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। --------------- बॉक्स कुछ कॉरपोरेट प्रतिद्वंद्वी हमारी छवि खराब कर रहे : अनिल अंबानी ग्रुप नई दिल्ली, एजेंसी। अनिल अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस ग्रुप ने बुधवार को कहा कि कुछ कॉरपोरेट प्रतिद्वंद्वी उसकी छवि खराब करने के लिए उसके खिलाफ 'झूठ और दुष्प्रचार' फैलाने का अभियान चला रहे हैं। समूह ने यह प्रतिक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के प्रस्तावित संवाददाता सम्मेलन से पहले दी है, जिसमें एक कॉरपोरेट समूह के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं का ‘खुलासा’ किए जाने की बात कही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




