दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी के स्तर से नीचे आया
दिल्ली में शनिवार को तेज बारिश के बाद यमुना का जलस्तर 204.38 मीटर तक गिर गया है। जलस्तर का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग ने निचले इलाकों में पानी भरे होने के कारण लोगों की आवाजाही...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में तेज बारिश के बाद भी यमुना के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार दोपहर तीन बजे यमुना का जलस्तर 204.38 मीटर तक पहुंच गया। यमुना के जलस्तर का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग का कहना है कि जलस्तर घटने के बाद भी अभी निचले इलाके में लोगों को जाने से रोका जा रहा है क्योंकि कई स्थानों पर पानी भरा हुआ है। उसके चलते कोई हादसा न हो इसलिए लोगों की निचले इलाके में आवाजाही पर पाबंदी जारी रहेगी। दिल्ली में शुक्रवार को हथिनी कुंड बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर 204.50 मीटर से बढ़कर 205.19 मीटर से ऊपर तक पहुंच गया था।
एक समय लगा कि यह खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर जाएगा, लेकिन देर शाम यमुना का जलस्तर घटने लगा। अब यह चेतावनी स्तर से भी नीचे आ गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग का कहना है कि अब पीछे हथिनी कुंड बैराज से भी पानी कम छोड़ा जा रहा है। जलस्तर बढ़ने का भी कोई पूर्वानुमान नहीं है। दिल्ली में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद अंदाजा लगाया जा रहा था कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर और बढ़ेगा। मगर जलस्तर बढ़ता देख ओखला बैराज को पूरी तरह से खोल दिया गया था, जिससे पीछे से आ रहा पानी तेजी से आगे निकलता गया। दिल्ली में जलस्तर खतरे के निशान को पार नहीं कर पाया है। हालांकि, खादर में गड्ढों के अंदर भरे पानी के कारण लोगों की यमुना खादर में जाने पर रोक लगाई गई है। वोट क्लब भी निचले इलाकों में निगरानी कर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




