डब्ल्यूटीओ ने चीन के मामले में समिति बनाई

Feb 24, 2026 11:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने भारत के वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में उठाए गए कदमों के खिलाफ चीन द्वारा दायर मामले में समिति का गठन किया है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता असफल रहने के बाद यह समिति बनाई गई। चीन ने आरोप लगाया कि भारत की नीतियाँ वैश्विक व्यापार नियमों का उल्लंघन करती हैं।

डब्ल्यूटीओ ने चीन के मामले में समिति बनाई

नई दिल्ली, एजेंसी। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के विवाद निपटान निकाय ने वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में भारत के कुछ कदमों के खिलाफ चीन द्वारा दायर एक मामले में समिति का गठन किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह समिति तब गठित की गई जब दोनों पक्ष डब्ल्यूटीओ के तत्वावधान में द्विपक्षीय परामर्श प्रक्रिया के माध्यम से इस मुद्दे को सुलझाने में विफल रहे। पिछले साल अक्टूबर में चीन ने आरोप लगाया था कि उन्नत सेल बैटरी, वाहनों के लिए भारत की 'उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन' (पीएलआई) योजना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने वाली नीति की कुछ शर्तें वैश्विक व्यापार नियमों का उल्लंघन करती हैं और चीनी सामान के साथ भेदभाव करती हैं।

जिनेवा स्थित एक अधिकारी ने बताया, 'चीन के दूसरे अनुरोध पर, डब्ल्यूटीओ की बैठक में भारत के इन उपायों की जांच के लिए एक समिति बनाने पर सहमति बनी है।' डब्ल्यूटीओ को दी गई जानकारी में चीन ने कहा कि नवंबर, 2025 और जनवरी, 2026 में इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। नियमों के मुताबिक, किसी भी विवाद को सुलझाने के लिए आपसी बातचीत पहला कदम होता है। यदि इससे कोई हल नहीं निकलता, तो शिकायतकर्ता देश डब्ल्यूटीओ से जांच समिति गठित करने की मांग कर सकता है। भारत और चीन दोनों इस वैश्विक संस्था के सदस्य हैं। यदि किसी सदस्य देश को लगता है कि दूसरे देश की नीति उसके निर्यात को नुकसान पहुंचा रही है, तो वह डब्ल्यूटीओ में शिकायत दर्ज करा सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।