
खेल : क्लर्क ने अंतिम गेंद पर चैंपियन मुंबई के जबड़े से छीनी जीत
डब्ल्यूपीएल नवी मुंबई, एजेंसी। नाडिन डि क्लर्क के ऑलराउंड खेल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शुक्रवार को गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के जबड़े से जीत छीन ली।
डब्ल्यूपीएल नवी मुंबई, एजेंसी। नाडिन डि क्लर्क के ऑलराउंड खेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शुक्रवार को गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के जबड़े से जीत छीन ली। अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु ने मुंबई को तीन विकेट से पराजित कर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में शानदार आगाज किया। क्लर्क ने चार विकेट लेने के बाद 155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 44 गेंदों में 63 रन की नाबाद पारी खेली। अंतिम ओवर का रोमांच : बेंगलुरु को अंतिम छह गेंद में 18 रन चाहिए थे। नैट साइवर-ब्रंट के इस ओवर की पहली दो गेंद में कोई रन नहीं बना।
क्लर्क ने तीसरी गेंद में छक्का, चौथी में चौका, पांचवीं में छक्का और फिर छठी में चौका जड़कर टीम को यादगार जीत दिला दी। अरुधंति के साथ साझेदारी : टीम ने लक्ष्य सात विकेट पर 157 रन बनाकर हासिल कर लिया। बेंगलुरु को कप्तान मंधाना (18) ने ग्रेस हारिस (25) के साथ पहले विकेट के लिए 23 गेंदों में 40 रन जोड़कर तूफानी शुरुआत दिलाई। शबनिम इस्माइल ने मंधाना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बेंगलुरु ने 25 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए और उसका स्कोर पांच विकेट पर 65 रन हो गया। नाडिन डि क्लर्क ने अरुधंति रेड्डी (20) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़कर उम्मीद जगाई। निकोला कैरी ने रेडड़ी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़कर फिर मैच का पासा पलट दिया। इसी ओवर में उन्होंने श्रेयंका को भी पवेलियन भेज दिया। हालांकि इसके बाद क्लर्क ने तूफानी पारी खेलकर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सजना के 45 रन : इससे पहले मुंबई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सजीवन सजना की 25 गेंद में 45 रन की पारी से छह विकेट पर 154 रन बनाए। सजना ने पांचवें विकेट के लिए निकोला (40) के साथ 49 गेंद में ताबड़तोड़ 82 रन जोड़े। यह साझेदारी ऐसे समय आई जब पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवा रही थी। उसका स्कोर 11वें ओवर में चार विकेट पर 67 रन था। गुनालन कमलिनी ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए। हरमनप्रीत ने 20 रन का योगदान दिया। -------- जैकलीन और हनी सिंह ने बांधा समां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हो गया है। नवी मुंबई में मैच से पहले उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री और 2021 की मिस यूनिवर्स हरनाज संधू, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और प्रसिद्ध रैपर हनी सिंह ने समां बांधा। सबसे पहले संधू आईं। फिर जैकलीन ने डांस से जलवा बिखेरा। अंत में हनी ने अपनी धुन पर खिलाड़ियों के साथ ही दर्शकों को जमकर नचाया। उन्होंने अपने गाने बिलेनियर से शुरुआत की। इस दौरान उनके अगल-बगल हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना बैठी थीं। हनी ने सुन रजा मंद है.... ब्लू आईज, लुंगी डांस और पार्टी ऑल नाइट जैसे गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह करीब 45 मिनट तक चला। --------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




