खेल : विदेशी टीमों में रंग जमाते नजर आएंगे भारतीय खिलाड़ी
विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 20 टीमों में से 9 में भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। भारतीय टीम के कई खिलाड़ी 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलेंगे। खिलाड़ी सौरभ नेत्रवलकर, मोनांक पटेल, जसप्रीत सिंह, दिलप्रीत बाजवा और जतिंदर अपने अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नई दिल्ली, एजेंसी। विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। खिलाड़ी ताल ठोकने के लिए तैयार है। टूर्नामेंट में खेल रही 20 टीमों में से नौ टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की भरमार है। इन टीमों में करीब 40 खिलाड़ी भारत के हैं जो अपनी 'घरेलू धरती' पर छाप छोड़ने के लिए बेताब होंगे। भारतीय टीम सात फरवरी को जब अमेरिका के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी तो उस टीम में भी आधे खिलाड़ी भारतीय ही होंगे। इनमें एक तो भारत के लिए अंडर-19 विश्व कप भी खेल चुका है। सूर्य के साथ खेले सौरभ अब उनके खिलाफ खेलेंगे मुंबई में जन्मे अमेरिकी तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर 2010 में भारतीय विकेटकीपर केएल राहुल और मयंक अग्रवाल के साथ अंडर-19 विश्व कप में खेले थे।
उन्होंने नौ विकेट चटकाए थे और भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले थे। वह भारतीय कप्तान सूर्यकुमार के साथ मुंबई के लिए भी खेल चुके हैं। अब उन्हीं के खिलाफ जब सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में उतरेंगे तो यह उनके लिए यादगार पल होगा। सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करने वाले इस 34 वर्षीय खिलाड़ी नेत्रवलकर भारत की अधिक चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने के लिए बेताब हैं। मोनांक अपने साथी बुमराह के खिलाफ खेलने को बेताब बुमराह के पूर्व साथी रहे मोनांक पटेल अमेरिका की कमान संभाल रहे हैं। आनंद में जन्मा यह 32 वर्षीय ओपनर गुजरात अंडर-19 टीम के अपने साथी बुमराह का सामना करने के लिए उत्सुक है। वह मैदान के बाहर अपने बचपन के दिनों को याद कर रहे हैं। मोनांक ने कहा, हमने साथ में लाल गेंद और सफेद गेंद दोनों तरह की क्रिकेट खेली है। वह वाकई बहुत खास पल थे। इटली के लिए खेलेंगे फगवाड़ा के जसप्रीत फगवाड़ा में जन्मे जसप्रीत सिंह पर भी सभी की निगाह रहेंगी। यह 32 वर्षीय खिलाड़ी 2006 में अपने परिवार के साथ मिलान चला गया था। 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलना उस तेज गेंदबाज के लिए सपने जैसा है, जो कुछ समय पहले तक आजीविका के लिए उबर ड्राइवर के रूप में काम करता था। दिलप्रीत और जतिंदर भी दिखाएंगे दम गुरदासपुर में जन्मे दिलप्रीत बाजवा 2020 में ही कनाडा गए थे। छह साल बाद वह कनाडा की टीम के कप्तान के रूप में भारत आए हैं। पंजाब में आयु वर्ग की क्रिकेट में ढेरों रन बनाने के बावजूद बाजवा को वह मौके नहीं मिले जिनकी उन्हें उम्मीद थी। उन्होंने निराशा को खुद पर हावी नहीं होने दिया। कनाडा ग्लोबल टी-20 लीग में मिली सफलता से उन्होंने कनाडा की टीम में जगह बनाई और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह 2024 के विश्व कप में भी टीम का हिस्सा था। लुधियाना में जन्मे जतिंदर ओमान की अगुआई करेंगे। यह 36 वर्षीय खिलाड़ी एक दशक से अधिक समय से क्रिकेट खेल रहा है, लेकिन उन्हें भारत में खेलने का अवसर कभी नहीं मिला। ओमान के सभी लीग मैच श्रीलंका में होने के कारण जतिंदर के लिए अपनी जन्मभूमि में खेलने का सपना पूरा कर पाना मुश्किल लग रहा है। आर्यन नीदरलैंड्स के लिए खेलेंगे आर्यन दत्त को 2023 में वनडे विश्व कप के दौरान भारतीय प्रशंसकों के सामने खेलने का अनुभव है। नीदरलैंड्स की टीम में भारतीय मूल के एकमात्र क्रिकेटर दत्त का लक्ष्य प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करके शीर्ष टीमों को हैरान करना है। दत्त का परिवार 1980 के दशक में होशियारपुर से नीदरलैंड्स चला गया था। भारत में अब भी उनके परिवार के कुछ सदस्य रहते हैं। ------------- किस टीम में कितने भारतीय कनाडा : 11 दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, हर्ष ठाकर, जसकरनदीप बुट्टर, कंवरपाल ताथगुर, नवनीत धालीवाल, रविंदरपाल सिंह, शिवम शर्मा, श्रेयस मोव्वा, युवराज समरा। यूएसए : 9 मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, मिलिंद कुमार, नोस्थुश केनजिगे, सैतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रवलकर, शुभम रंजने। ओमान : 7 जतिंदर सिंह (कप्तान), विनायक शुक्ला, करण सोनावले, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, वसीम अली, जितेन रामानंदी। यूएई : 7 अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा, ध्रुव पाराशर, हर्षित कौशिक, मयंक कुमार, सिमरनजीत सिंह, सोहैब खान। न्यूजीलैंड : 2 ईश सोढ़ी, रचिन रवींद्र ----------- दक्षिण अफ्रीका : 1 केशव महाराज ----------- वेस्टइंडीज : 1 गुडाकेश मोती --------- इटली : 1 जसप्रीत सिंह --------- नीदरलैंड्स : 1 आर्यन दत्त -------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




