Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsWomen Thieves Steal Jewelry on Dhanteras in Delhi Showroom
धनतेरस पर शोरूम में महिलाओं ने अंगूठी चुराई

धनतेरस पर शोरूम में महिलाओं ने अंगूठी चुराई

संक्षेप: लक्ष्मी नगर इलाके के नामी शोरूम में खरीदारी के बहाने चोरी के लिए पहुंची थी आरोपी महिला

Wed, 22 Oct 2025 07:14 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। लक्ष्मी नगर स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में धनतेरस के दिन महिला चोरों ने गहनों की अदला-बदली कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी महिलाओं ने शोरूम में खरीदारी के दौरान असली अंगूठी उठाकर उसकी जगह नकली अंगूठी रख दी। यह पूरी वारदात शोरूम के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और बुधवार को फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी महिलाएं अंगूठी देखने के बहाने शोरूम में आती हैं और अंगूठी का पूरा बॉक्स अपने सामने रखवाती हैं। शोरूम कर्मचारी के ध्यान भटकने के दौरान, एक महिला अंगूठी निकालकर उसकी जगह नकली अंगूठी रख देती है।

उस समय खरीदारी की भीड़ के कारण वारदात कर्मचारियों की नजरों से बच गई। बाद में गहनों की जांच के दौरान नकली अंगूठी मिलने पर शोरूम प्रबंधन ने फुटेज की जांच की। जांच में महिला चोरों को असली अंगूठी चुराते हुए देखा गया। पीड़ित की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और चोरी का मामला दर्ज करवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। वर्तमान में पुलिस फुटेज की मदद से उनके पीछे लगी हुई है और जल्द ही उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। शोरूम प्रबंधन और पुलिस दोनों ही लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं, खासकर त्योहारों के दौरान खरीदारी के समय।