
बदलाव: आसमान छू रही क्रिकेट विश्व कप विजेता बेटियों की ब्रांड वैल्यू
संक्षेप: महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता बेटियों की ब्रांड वैल्यू में वृद्धि हुई है। स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और शैफाली वर्मा जैसे खिलाड़ियों का विज्ञापन मूल्य 50% से अधिक बढ़ने की उम्मीद है। कई कंपनियां उन्हें अपने विज्ञापनों का चेहरा बनाना चाहती हैं, जिससे महिला क्रिकेट को मजबूती मिलेगी।
नई दिल्ली, एजेंसी। महिला क्रिकेट विश्वकप विजेता बेटियों की ब्रांड वैल्यू आसमान छूने लगी है। लाखों से शुरू हुआ सफर करोड़ों में पहुंच गया है। स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और शैफाली वर्मा जैसी खिलाड़ियों के ब्रांड मूल्य में 50 फीसदी से अधिक की वृद्धि होने की उम्मीद है। इन खिलाड़ियों का कामकाज संभालने वाली प्रबंधन फर्मों के अनुसार विश्व कप में धमाकेदार जीत के बाद व्यक्तिगत रूप से एक करोड़ से अधिक के विज्ञापन सौदों में तब्दील होंगे। विज्ञापन मूल्य तीन गुना तक बढ़ा मंधाना, ऋचा घोष और राधा यादव का प्रबंधन करने वाली बेसलाइन वेंचर्स के एमडी और सह-संस्थापक तुहिन मिश्रा तथा शेफाली और जेमिमा का प्रबंधन करने वाले जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी करण यादव ने बताया कि जीत के बाद कई खिलाड़ियों का विज्ञापन मूल्य दो से तीन गुना तक बढ़ गया है।

कतार में खड़ी हैं कई कंपनियां प्रबंधन फर्मों के अनुसार इन खिलाड़ियों को अपने विज्ञापन का चेहरा बनाने के लिए कंपनियां कतार में खड़ी हैं। इसमें ऑटोमोबाइल से लेकर बैंक और एफएमसीजी तक शामिल हैं। इसके अलावा खेल सामग्री, जीवनशैली, सौंदर्य, व्यक्तिगत देखभाल और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां हैं। महिला क्रिकेट को मजबूती मिलेगी तुहिन मिश्रा के अनुसार शीर्ष खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू में 25-55 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों की कीमत और अधिक हो सकती है। यह जीत वाणिज्यिक बाजार में महिला क्रिकेट को मजबूत करेगी। फॉलोअर्स की संख्या में इजाफा महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और प्रशंसकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से भी महिला खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू में इजाफा हुआ है। जेमिमा के फॉलोअर्स की संख्या दोगुना बढ़कर 33 लाख हो गई है। वहीं शैफाली के फॉलोअर्स की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। परंपरा तोड़ने को तैयार बेटियां तुहिन मिश्रा के अनुसार महिला खिलाड़ी उस विज्ञापन परंपरा को तोड़ने को तैयार हैं जिनका प्रचार सिर्फ पुरुष करते थे। स्मृति मंधाना हुंडई, गल्फ ऑयल, एसबीआई बैंक, पीएनबी मेटलाइफ जैसे ब्रांडों से जुड़ी हैं, जो पारंपरिक रूप से पुरुष प्रधान क्षेत्र रहे हैं। मंधाना विज्ञापन से सबसे ज्यादा कमाने वाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं। बाजार ने समझी ताकत विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार अब स्टार महिला खिलाड़ियों की ताकत को समझ गया है। इसी का नतीजा है कि महिला खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री, जीवनशैली, सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल तथा शिक्षा जैसे विभिन्न उद्योगों उनके साथ विज्ञापन में रुचि दिखा रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




