
वन विभाग की कॉलोनी से लापता महिला और दो बच्चों के शव बरामद
-10 दिन से बच्चों सहित लापता थी महिला -महिला के अधिकारी पति पर हत्या
भावनगर, एजेंसी। गुजरात के भावनगर में 10 दिन से लापता एक महिला और उसके दो बच्चों के शव वन विभाग की कॉलोनी में रविवार को बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति और वन अधिकारी शैलेश खांभला पर गहरा शक जताया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। भावनगर के एसपी नितेश पांडे ने बताया कि छह नवंबर को शैलेश खांभला ने अपनी पत्नी नयना रबारी, नौ साल के बेटे और 13 साल की बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन पुलिस को खांभला के क्वार्टर के पास संदिग्ध खुदाई की सूचना मिली थी।
रविवार सुबह पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने वहां जांच कर खुदाई की। इस दौरान उस जगह से तीन शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान परिजनों ने नयना और उनके बच्चों के रूप में की। एसपी के मुताबिक, शैलेश खांभला इस मामले में मुख्य संदिग्ध हैं। परिवार कुछ समय से सूरत में रहता था और छुट्टियों में भावनगर खांभला से मिलने आया था। इसके बाद ही तीनों के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई। तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस इस मामले की कई तरीकों से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




