
बीएलओ की संदिग्ध मौत की विस्तृत जांच होगी : राज्यपाल सीवी आनंद
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बूथ लेवल ऑफिसर शांति मुनी एक्का की आत्महत्या की जांच का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव डालने का आरोप लगाया। एक व्यक्ति को भी धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने रविवार को कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) शांति मुनी एक्का की कथित आत्महत्या की घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। आरोप है कि उन्होंने एसआईआर के अत्यधिक दबाव के कारण आत्महत्या की। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए चुनाव आयोग पर अनियोजित और अत्यधिक काम का बोझ डालने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि तीन साल का काम दो महीनों में पूरा करने का दबाव कर्मचारियों पर डाला जा रहा है। राज्यपाल बोस ने कहा कि इस मसले पर जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है और मुख्यमंत्री की बातों की विस्तार से जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं और राज्य सरकार व चुनाव आयोग के बीच संवाद की आवश्यकता है। बीएलओ को धमकी देने वाला व्यक्ति गिरफ्तार कोलकाता, एजेंसी। उत्तरी 24 परगना जिले में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ को धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी जमीरुल इस्लाम मोल्ला को स्थानीय लोग टीएमसी समर्थक बताते हैं। 97 वर्षीय एक मतदाता के फॉर्म को लेकर विवाद हुआ था। बीएलओ दीपक महतो के अनुसार, जब यह पता चला कि मतदाता का नाम 2002 की सूची में नहीं था, तो आरोपी ने उन्हें फोन पर धमकाया। महतो ने पहले बीडीओ को लिखित शिकायत दी और फिर नज़ात थाने में मामला दर्ज कराया। शनिवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




