बंगाल में घुसपैठियों के लिए मालदा में पहला ‘होल्डिंग सेंटर’ शुरू
पश्चिम बंगाल सरकार ने अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए 'डिटेक्ट, डिलीट, डिपोर्ट' नीति शुरू की है। मालदा में पहला 'होल्डिंग सेंटर' खोला गया है, जहां नौ संदिग्ध बांग्लादेशियों को रखा गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह प्रक्रिया अवैध घुसपैठियों की जांच और प्रत्यर्पण में तेजी लाने के लिए है।

मालदा, एजेंसी। पश्चिम बंगाल सरकार ने घुसपैठियों और अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए सोमवार से पहचानो, हटाओ और वापस भेजो (डिटेक्ट, डिलीट, डिपोर्ट) नीति पर काम शुरू कर दिया है। अवैध विदेशी नागरिकों को जांच और प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने तक रखने के लिए मालदा में प्रदेश का पहला ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाया गया है। यहां नौ संदिग्ध बांग्लादेशियों को रखा गया है। मालदा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बता दें कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दो दिन पहले ही प्रदेश में होल्डिंग सेंटर बनाने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को अस्थाई तौर पर इन सेंटरों पर रखा जाएगा, ताकि उनकी जांच और प्रत्यर्पण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद रविवार को मालदा जिले इंग्लिश बाजार के चंदन पार्क में पहला होल्डिंग सेंटर स्थापित कर दिया गया। सोमवार तक यहां नौ संदिग्ध बांग्लादेशियों को लाया जा चुका है। इनमें तीन महिलाएं और छह नाबालिग हैं।
संदिग्धों की पहचान
अधिकारियों ने बताया कि इन संदिग्धों को गाजोल के पांडुआ इलाके से लाया गया है। उन्हें अवैध रूप से प्रवेश करने या वैध दस्तावेज न होने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। बताया कि जरूरी जांच और कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। उधर, उत्तरी मालदा से भाजपा सांसद खगेन मुर्मु ने सेंटर बनने का स्वागत किया। कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के दायरे में नहीं आते हैं उन्हें अपने देश लौट जाना चाहिए।
सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि होल्डिंग सेंटरों पर कई स्तरों का सुरक्षा घेरा होगा। इनमें सीसीटीवी निगरानी, पुलिसकर्मी, सिविल डिफेंस स्टाफ और नागरिक स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा। बताया कि मालदा में बने पहले सेंटर में फिलहाल 12 पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां रखे गए संदिग्ध लोगों के भोजन और रखरखाव की व्यवस्था भी की गई है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


