टाटा समूह को पश्चिम बंगाल में वापस लाएंगे : शुभेंदु
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार टाटा समूह को राज्य में वापस लाएगी। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने औद्योगीकरण के नाम पर गलत नीतियाँ अपनाई थीं। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार निवेश को आकर्षित करेगी और रोजगार पैदा करेगी, सिंगूर एवं नंदीग्राम आंदोलन की गलतियों को नहीं दोहराएगी।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार टाटा समूह को राज्य में वापस लाएगी। शुभेंदु ने राज्य में पिछली वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने औद्योगीकरण के नाम पर या तो जमीन का जबरन अधिग्रहण किया या केवल फोटो खिंचवाए। मुख्यमंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की औद्योगिक स्थिति को फिर से मजबूत करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उन गलतियों को दोहराए बिना निवेश आकर्षित करेगी और रोजगार पैदा करेगी जिनके कारण सिंगूर एवं नंदीग्राम आंदोलन हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम टाटा समूह को पश्चिम बंगाल में वापस लाएंगे। उन्होंने टाटा समूह की उस छोटी कार परियोजना का उल्लेख करते हुए यह बात कही जिसे लंबे समय तक चले भूमि अधिग्रहण विवाद के बाद 2008 में हुगली जिले के सिंगूर से गुजरात स्थानांतरित कर दिया गया था। शुभेंदु ने विपक्षी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने कई वर्षों तक औद्योगिक पुनरुद्धार के दावे तो किए लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


