
खेल : वेस्ली को एकल बढ़त, एरिगेसी दूसरे स्थान पर
अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने टाटा स्टील शतरंज इंडिया ब्लिट्ज टूर्नामेंट में ओपन श्रेणी में सात अंकों के साथ बढ़त बना ली है। भारत के अर्जुन एरिगेसी उनके पीछे हैं। निहाल सरीन ने आनंद को हराया, जबकि महिलाओं के वर्ग में कैरिसा यिप ने चार जीतें हासिल कीं।
कोलकाता, एजेंसी। अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने शनिवार को टाटा स्टील शतरंज इंडिया ब्लिट्ज टूर्नामेंट की 'ओपन' श्रेणी में सात अंकों के साथ एकल बढ़त बना ली है। भारत के अर्जुन एरिगेसी उनसे महज आधा अंक पीछे दूसरे स्थान पर हैं। शनिवार को रैपिड खिताब जीतने वाले निहाल सरीन 5.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। एरिगेसी ने अच्छी शुरुआत कर अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्व विश्व रैपिड चैंपियन वोलोदार मुर्जिन को हराया। अमेरिका के जीएम हांस नीमन ने भारत के आर प्रज्ञाननंदा को हराया। दिग्गज विश्वनाथन आनंद ने चीन के वेई यी के खिलाफ ड्रॉ खेला। दूसरे दौर में मौजूदा रैपिड चैंपियन निहाल सरीन ने सिर्फ 21 चाल में आनंद को पराजित कर दिया।
एरिगेसी ने वेई यी और अरविंद चिदंबरम ने प्रज्ञाननंदा को मात दी। तीसरे दौर में एरिगेसी ने निहाल और चौथे में आनंद को चौंकाते हुए शानदार जीत दर्ज की। पांचवें दौर में एरिगेसी ने अरविंद को हराया। छठे दौर वह वेस्ली से हार गए। आनंद ने नीमन के खिलाफ अहम जीत के साथ वापसी की। आठवा दौर निर्णायक रहा जिसमें आनंद ने विदित को मात दी। प्रज्ञाननंदा ने एरिगेसी को पछाड़ा और वेस्ली ने नीमन को हराया। नौवें दौर में वेस्ली ने वेई यी से ड्रॉ खेला जबकि एरिगेसी ने विदित को हरा दिया। महिलाओं के वर्ग में अमेरिकी इंटरनेशनल मास्टर कैरिसा यिप ने लगातार चार जीत के साथ चार में से चार अंक जुटाए, लेकिन पांचवें दौर में भारत की वंतिका अग्रवाल ने उनकी जीत की लय तोड़ दी। इसके बाद स्ताव्रूला त्सोलाकिदू ने वंतिका को मात दी। अलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना दौड़ में बनी रहीं। दिन के अंत में कैरिसा और गोर्याचकिना के बीच अहम ड्रॉ हुआ। कैरिसा छह अंक के साथ बढ़त बनाए रहीं। जबकि स्ताव्रूला, गोर्याचकिना और आर वैशाली उनसे सिर्फ आधा अंक पीछे रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




