
खेल : ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक माहौल से मजबूत क्रिकेटर बनने में मदद मिली: कोहली
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट के आक्रामक माहौल के बारे में बात की, जिसने उनकी क्षमता की परीक्षा ली। उन्होंने कहा कि इस माहौल ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया और उनके करियर...
पर्थ, एजेंसी। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट को लेकर आक्रामक माहौल ने उनकी क्षमता की परीक्षा ली। हालांकि उनका मानना है कि इस माहौल में डटे रहकर साहसिक क्रिकेट खेलने से उन्हें मानसिक रूप से मजबूत क्रिकेटर बनने में मदद मिली। इससे उनके करियर को नई दिशा मिली। उन्होंने पहली बार 2011 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों से आक्रामक स्वागत का सामना करना पड़ा था, लेकिन उनका मानना है कि यह आक्रामकता धीरे-धीरे सम्मान में बदल गई। उन्होंने रविवार को कहा, बचपन में जब हम सुबह जल्दी उठकर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट देखते थे तो मैं खुद को उनके सामने रखकर सोचता था।

अगर मैं इन परिस्थितियों में और इस विरोधी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर पाया तो एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे इस पर गर्व होगा। दोनों टीमों के महान खिलाड़ियों को खेलते देखना मेरे लिए प्रेरणास्रोत रहा। सचिन, द्रविड़ और यहां तक कि सहवाग जैसे खिलाड़ी जिनसे मैं सचमुच प्रभावित रहा हूं। यहां तक कि ऑस्ट्रेलियाई टीम। उन्होंने जिस तरह से क्रिकेट खेली और जिस तरह से वह आपका सामना करते हैं। खेल पर नियंत्रण बना रहे थे, यही कुछ ऐसा था जिसने मुझे यहां आने और ऐसा ही करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में मुझे लगा कि उस आक्रामक माहौल का हिस्सा बनने की तुलना में टेलीविजन पर देखना आसान था। लेकिन मैं उन सभी पलों के लिए वास्तव में आभारी हूं क्योंकि इससे मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान के रूप में बेहतर बनने में मदद मिली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




