चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प
कोलकाता के ढापा इलाके में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल चुनाव प्रचार कर रही थीं, जब बहस हाथापाई में बदल गई। टिबरेवाल ने टीएमसी पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया। कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। टीएमसी ने भाजपा पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया।

कोलकाता, एजेंसी। पूर्वी कोलकाता के ढापा इलाके में मंगलवार को भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बताया कि भाजपा की एंटाली से उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल कोलकाता नगर निगम के वार्ड 58 में चुनाव प्रचार कर रही थीं। तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में बदल गई। इसके बाद केंद्रीय बलों और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और टिबरेवाल को भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ सुरक्षित इलाके से बाहर निकाल लिया। टिबरेवाल ने इस घटना को लेकर तांगरा और प्रगति मैदान पुलिस स्टेशनों के अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे एक कार्यकर्ता को बुरी तरह पीटा गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस हिंसा में कुछ महिला पुलिसकर्मी भी घायल हो गईं। उन्होंने कहा कि टीएमसी के समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि 29 अप्रैल को निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान न हो सके।टिबरेवाल ने यह भी आरोप लगाया कि ढापा और तांगरा इलाकों में चुनाव प्रचार करने की अनुमति होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा था। उन्होंने आगे कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमारे बैनर, फ्लेक्स और पोस्टर फाड़ दिए हैं।इन आरोपों को खारिज करते हुए टीएमसी उम्मीदवार संदीपान साहा ने भाजपा पर तनाव भड़काने और मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अशांति फैलाने और फूट डालने की कोशिश कर रही है, लेकिन लोगों ने ऐसी चालों को नकार दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


