आप द्वारा आयोजित किसान महापंचायत में पत्थर बाजी, तीन पुलिसकर्मी घायल
-किसानों की भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान की गई पत्थरबाजी -एसपी बोले, महापंचायत

बोटाद (गुजरात), एजेंसी। बोटाद जिले के हद्दाद गांव में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आयोजित ‘किसान महापंचायत के दौरान पुलिस पर पत्थर बाजी की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस झड़प में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसपी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया, रैली आयोजित करने की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। महापंचायत अवैध रूप से आयोजित की गई थी। लोग गांव में बाजार यार्ड को नुकसान पहुंचाने की नीयत से जुटे थे। जब पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की, तो पुलिस पर पत्थर फेंकने लगे और एक वाहन को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल का प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस मामले में लगभग 20 लोग हिरासत में लिए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। आप ने कहा कि रैली किसानों के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित की गई थी। पार्टी ने आरोप लगाया कि गुजरात आप अध्यक्ष इसुदान गढवी और अन्य नेताओं को आयोजन स्थल तक पहुंचने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया। वहीं, विधायक गोपाल इटालिया ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह कार्रवाई बीजेपी सरकार के आदेश पर की गई। उन्होंने बताया कि आप नेता राजुभाई कारपाड़ा ने बाजार यार्ड में किसानों से ठगी करने वाले बीजेपी के साथियों के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके बाद पुलिस और बीजेपी ने शांतिपूर्ण रैली को बाधित किया। आप ने यह भी बयान जारी कर कहा कि कुछ नेताओं को घर में नजरबंद किया गया ताकि वे रैली में शामिल न हो सकें। झड़प तब हुई जब राजुभाई कारपाड़ा रैली को संबोधित कर रहे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




