‘तानाशाही का अंत, एक नए युग की शुरुआत हुई’
स्पेन में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर विपक्षी नेताओं ने खुशी जताई। प्रवासी सड़कों पर उतरे और जश्न मनाया, यह कहते हुए कि यह तानाशाही के अंत की शुरुआत है। एडमंडो गोंजालेज और मारिया कोरिना मचाडो के नेतृत्व में बदलाव की उम्मीद जताई गई। कई लोग अपने देश लौटने की सोच रहे हैं।

मैड्रिड (स्पेन), एजेंसी। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने पर स्पेन में रह रहे विपक्षी नेताओं ने खुशी जताई। विपक्षी दलों से जुड़े प्रवासी सड़कों पर निकल आए और जश्न मनाया। उनका कहना था कि यह वेनेजुएला में तानाशाही के अंत और एक नए युग की शुरुआत है। स्पेन में वेनेजुएला के प्रवासी बड़ी संख्या में रहते हैं। इनमें एडमंडो गोंजालेज और लियोपोल्डो लोपेज सहित कई वरिष्ठ विपक्षी नेता भी हैं। शनिवार को अमेरिकी हमले की सूचना मिलते ही वेनेजुएला के विपक्षी नेता, कार्यकर्ता और आम लोग टीवी और सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट लेते रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के मादुरो को हिरासत में लेने की घोषणा के साथ ही वे खुशियां मनाने के लिए सड़कों पर निकल गए।
नाचते-गाते और नारेबाजी करते लोगों का कहना था, ‘हम सब बहुत खुश हैं।’ 2024 में देश छोड़ चुके पूर्व सांसद मैनुअल गार्सिया ने कहा कि मादुरो को जितनी जल्दी पकड़ा गया, उससे साफ हो गया कि वह अपनी सैन्य शक्ति के बारे में सिर्फ शेखी बघारते थे। कहा कि आज एक नए चरण की शुरुआत है। मारिया कोरिना और राष्ट्रपति एडमंडो गोंजालेज के नेतृत्व में देश बदलाव की ओर बढ़ेगा। एडमंडो गोंजालेज ही असली हकदार विपक्ष के एक नेता ने नाम नहीं बताते हुए कहा कि अब हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि बदलाव व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और सम्मानजनक हो। उन्होंने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के सत्ता संभालने की अटकलों को नकार दिया। कहा कि 2018 और 2024 के चुनावों में धोखाधड़ी हुई। कहा कि जनता ने एडमंडो गोंजालेज और मारिया कोरिना मचाडो के लिए भारी संख्या में वोट दिया। एडमंडो संवैधानिक वैधता के साथ राष्ट्रपति-निर्वाचित हैं, लिहाजा वही पद के हकदार हैं। सरकार में होंगे कई विपक्षी नेता मैड्रिड के कॉम्प्लूटेंस विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों और प्रवासन के प्रोफेसर जोस मिगुएल कैल्विलो मानते हैं कि संभवत: अमेरिका ने पहले ही वेनेजुएला सरकार और सेना के तत्वों के साथ बदलाव पर अंदरखाने चर्चा की होगी। अगर यह सही है तो अंतरिम सरकार में विपक्ष के बड़े नेता शामिल होंगे। कहा कि वेनेजुएला और अमेरिका दोनों के लिए जरूरी है कि मौजूदा सरकार में बड़ा फेरबदल नहीं, बल्कि हल्के बदलाव किए जाएं। देश लौटने की सोच रहे नागरिक स्पेनिश द्वीपसमूह कैनरी में बड़ी संख्या में वेनेजुएला के लोग रहते हैं। कैनरी-वेनेजुएला यूनियन प्रवासी सहायता नेटवर्क के उपाध्यक्ष ऑगस्टिन रोड्रिग्ज ने कहा कि शनिवार की घटना के बाद कई लोग अपने देश लौटने की सोच रहे हैं। बताया कि हाल के सालों में लगभग 7.7 मिलियन वेनेजुएला के लोग देश छोड़कर चले गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




