US Open Upsets Zverev and Paul Out in Third Round Sinner Rublev and Bublik Advance खेल : फेलिक्स ने ज्वेरेव को किया बाहर, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsUS Open Upsets Zverev and Paul Out in Third Round Sinner Rublev and Bublik Advance

खेल : फेलिक्स ने ज्वेरेव को किया बाहर

यूएस ओपन में नंबर दो खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव और 14वें वरीय टॉमी पॉल का सफर तीसरे दौर में खत्म हो गया। ज्वेरेव को फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे ने हराया, जबकि पॉल को कजाखस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक ने मात...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 31 Aug 2025 04:35 PM
share Share
Follow Us on
खेल : फेलिक्स ने ज्वेरेव को किया बाहर

शोल्डर : दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी अलेक्जेंडर और 14वें वरीय टॉमी का सफर तीसरे दौर में खत्म, सिनेर, रूबलेव और बुब्लिक चौथे दौर में पहुंचे न्यूयॉर्क, एजेंसी। दुनिया के नंबर तीन टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव और 14वें नंबर के टॉमी पाल यूएस ओपन के तीसरे दौरे में उलटफेर का शिकार हो गए। जर्मनी के ज्वेरेव को शनिवार देर रात को 25वीं वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे के हाथों तीन घंटे 48 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4, 6-7, 4-6, 4-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। 2020 के उपविजेता ज्वेरेव ने पहला सेट जीतकर शानदार शुरुआत की। पर इसके बाद वह अपनी लय कायम नहीं रख पाए और हार गए।

उनके पहले ग्रैंड स्लैम का इंतजार हो बढ़ गया है। फेलिक्स की यह ज्वेरेव के खिलाफ नौ मैचों में तीसरी जीत है। पिछले सात साल में यह पहला मौका है जब ज्वेरेव तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। इससे पहले 2018 में तीसरे दौर में हारे थे। फेलिक्स का सामना अब रूस के आंद्रे रूबलेव से होगा जिन्होंने हांगकांग के कोलमैन वोंग को पांच सेट तक चले मुकाबले में 2-6, 6-4, 6-3, 4-6, 6-3 से मात दी। अमेरिका के पॉल को कजाखस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक ने पांच सेट तक चले मैराथन मुकाबले में हार मिली। बुब्लिक ने 7-6, 6-7, 6-3, 6-7, 6-1 से जीत दर्ज कर पहली बार साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर में प्रवेश किया। बुब्लिक की टक्कर अब दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनेर से होगी। सिनर ने पिछले साल के क्वार्टर फाइनल के बाद पहली बार न्यूयॉर्क में कोई सेट गंवाया, लेकिन फिर खुद को संभालते हुए 27वें नंबर के डेनिस शापोवालोव पर 5-7, 6-4, 6-3, 6-3 से जीत हासिल की। वहीं डेनिएल ने एलेक्स डि मिनौर को वॉकओवर दे दिया। डेनिएल जब मुकाबले से हटे तब मिनौर 6-7, 6-3, 6-4, 2-0 से आगे थे। ----------- इगा लगातार पांचवीं बार अंतिम-16 में पोलैंड की इगा स्वियातेक ने लगातार पांचवीं बार अंतिम-16 का टिकट कटा लिया। दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी इगा ने रूस की अन्ना कालिंस्काया को एक घंटे 56 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6, 6-4 से मात दी। अब उन्हें रूस की ही एक अन्य खिलाड़ी एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा से पार पाना होगा, जिन्होंने लॉरा सिगमंड को आसानी से 6-0, 6-1 से हराया। ब्राजील की बीट्रिज हद्दाद माइया ने मारिया सकारी को 6-1, 6-2 से और अमांडा एनिसिमोवा ने जैकलीन क्रिस्टिन को 6-4, 4-6, 6-2 से पराजित किया। कोको गफ और नाओमी ओसाका भी चौथे दौर में पहुंचने में सफल रहीं। अब यह क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों पूर्व चैंपियनों के बीच इससे पहले यूएस ओपन में 2019 में मुकाबला हुआ था। ओसाका तब मौजूदा चैंपियन थीं। उन्होंने 15 साल की गफ को सीधे सेटों में हरा दिया था। गफ इस हार के बाद अपने आंसू नहीं रोक पाई थी और ओसाका ने उन्हें सांत्वना दी थी। कोको ने मैग्डेलेना फ्रेच को 6-3, 6-1 से और ओसाका ने दारिया कास्तकिना को 6-0, 4-6, 6-3 से हराया। ओसाका 2021 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में पहुंची हैं। वीनस भी आगे बढ़ीं दिग्गज अमेरिकी खिलाड़ी वीनस विलियम्स ने युगल में अपना विजय अभियान जारी रखा है। 45 वर्षीय वीनस विलियम्स ने लैला फर्नांडीज के साथ मिलकर उलरिके ईकेरी और एरी होजुमी को 7-6, 6-1 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। वीनस 2022 के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के युगल में खेल रही हैं। ----------------- भांबरी-वीनस जीते, बोपन्ना-काधे हारे न्यूयॉर्क। भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के उनके जोड़ीदार माइकल वीनस ने शानदार जीत के साथ आगाज किया। वहीं, रोहन बोपन्ना और अर्जुन काधे अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ हारकर बाहर हो गए। भांबरी-वीनस की 14वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने अमेरिका के मार्कोस गिरोन और लर्नर टिएन की जोड़ी को 6-0, 6-3 से मात दी। उन्होंने अपनी विरोधी जोड़ी को किसी भी समय वापसी का मौका नहीं दिया और मैच में सिर्फ तीन गेम गंवाए। भांबरी और वीनस ने पहले सेट में एक भी गेम नहीं गंवाया। दूसरे सेट में भी अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस जल्दी ही तोड़ दी और आसानी से मैच अपने नाम किया। बोपन्ना और मोनाको के उनके जोड़ीदार रोमेन अर्नेडो अमेरिका को रॉबर्ट कैश और जेम्स ट्रेसी से एक घंटे पांच मिनट में 4-6, 3-6 से हार गए। पहली बार मुख्य दौर में खेल रहे काधे और उनके जोड़ीदार डिएगो हिडाल्गो का मुकाबला मैट पैविक और मार्सेलो अरेवालो की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से था। काधे और हिडाल्गो ने पहला सेट जीतकर दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को थोड़ा परेशान किया, लेकिन आखिर में 7-5, 6-7, 4-6 से हार गए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।