ईरान पर फिर हमला कर सकता है अमेरिका, एक रिपोर्ट में दावा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

अमेरिका और ईरान के बीच 46 दिन से जारी युद्धविराम टूटने के आसार बनते नजर आ रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर फिर हमला करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। बैठक में कहा गया कि अगर ईरान समझौते पर सहमति नहीं देता है तो उस पर नए हमले किए जा सकते हैं।

ईरान पर फिर हमला कर सकता है अमेरिका, एक रिपोर्ट में दावा

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका और ईरान के बीच 46 दिन से जारी युद्धविराम टूटने के आसार बनते नजर आ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर फिर हमला करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने इसे लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा टीम संग बैठक भी की है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। हालांकि, एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बेताब है। अमेरिकी मीडिया संस्थान एक्सियोस की रिपोर्ट में दो वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ बैठक की, जिसमें बातचीत का मुख्य मुद्दा ईरान के साथ युद्ध पर केंद्रित था। रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में कहा गया कि अगर आखिरी मिनट की बातचीत में ईरान समझौते पर सहमति नहीं देता है तो उस पर नए हमले किए जा सकते हैं। सूत्रों ने दावा किया कि ट्रंप ने मंगलवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में कहा था कि वह कूटनीति को मौका देना चाहते हैं, लेकिन गुरुवार रात तक वह हमले का आदेश देने के बारे में सोचने लगे थे। बताया जा रहा है कि व्हाइट हाउस में हुई इस बैठक में उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ, सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ, व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

ईरान के साथ समझौता करने की कोशिश

वहीं, इस कथित बैठक के बाद व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान समझौता करने के लिए बेताब है। उन्होंने कहा, ‘हम देखेंगे कि क्या होता है। हमने उन पर कड़ा प्रहार किया है। हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था, क्योंकि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते। उन्हें यह रखने की इजाजत नहीं है।’

जीत की घोषणा करना चाहते हैं ट्रंप

ट्रंप के करीबी एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से ईरान के साथ जारी बातचीत को लेकर ट्रंप का सब्र जवाब देने लगा है। सूत्र ने कहा, ‘राष्ट्रपति ने एक आखिरी निर्णायक सैन्य अभियान की संभावना जताई है, जिसके बाद वह जीत का ऐलान कर युद्ध खत्म कर सकते हैं।’

बातचीत में आ रही है मुश्किलें

रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के जरिये चल रही बातचीत की प्रक्रिया लगातार मुश्किल होती जा रही है। बताया कि समझौते से जुड़े मसौदे हर दिन इधर-उधर भेजे जा रहे हैं, लेकिन इन पर कोई खास प्रगति अब तक नहीं हुई है।

सामान्य प्रश्न

ट्रंप ने ईरान पर हमले की संभावना पर किससे चर्चा की?
ट्रंप ने ईरान पर हमले की संभावना पर राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ चर्चा की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।