
भारत-ईयू संबंधों को नई ऊंचाई देने दिल्ली पहुंचीं वॉन
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भारत की चार दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचीं। उनका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और महत्वपूर्ण पहलों को अंतिम रूप देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिखर वार्ता 27 जनवरी को होगी, जिसमें मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा की जा सकती है।
नई दिल्ली, एजेंसी। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भारत की चार दिवसीय यात्रा पर शनिवार को दिल्ली पहुंचीं। वॉन द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार और कई महत्वपूर्ण पहलों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से भारत आई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जनवरी को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और वॉन डेर लेयेन के साथ शिखर वार्ता करेंगे। यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की आर्थिक और सुरक्षा नीतियों के कारण उत्पन्न वैश्विक चिंताओं के बीच आयोजित हो रही है। ये दोनों शीर्ष यूरोपीय नेता 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और यूरोपीय संघ द्वारा बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के निष्कर्ष की घोषणा करने की संभावना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर उनके आगमन की जानकारी देते हुए कहा, भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण की तैयारी। भारत की राजकीय यात्रा पर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का हार्दिक स्वागत है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच संबंध पिछले कुछ वर्षों में काफी मजबूत हुए हैं। एक समूह के रूप में यूरोपीय संघ भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का ईयू के साथ कुल व्यापार लगभग 136 अरब डॉलर रहा, जिसमें निर्यात 76 अरब डॉलर और आयात 60 अरब डॉलर था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




