खेल : बकनर ने 22 साल बाद सचिन से माफी मांगी

Feb 24, 2026 06:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिग्गज अंपायर स्टीव बकनर ने 2003 और 2005 में सचिन तेंदुलकर के खिलाफ दिए गए गलत फैसलों के लिए 22 साल बाद माफी मांगी। उन्होंने इसे अपनी करियर की बड़ी गलतियों में से एक माना। उन्होंने कहा कि गलतियाँ होती हैं और जीवन चलता रहता है। बकनर 2009 में संन्यास ले चुके हैं।

खेल : बकनर ने 22 साल बाद सचिन से माफी मांगी

नई दिल्ली, एजेंसी। दिग्गज अंपायर स्टीव बकनर ने ब्रिस्बेन 2003 और सिडनी टेस्ट 2005 में सचिन तेंदुलकर के खिलाफ दिए गए गलत फैसलों को मानवीय भूल बताते हुए 22 साल बाद माफी मांगी है। उन्होंने माना कि ये उनके करियर की बड़ी गलतियां थीं। हालांकि वह इससे पहले 2020 और 2005 में भी अपने फैसलों पर खेद जता चुके हैं। वर्ष 2009 में संन्यास लेने वाले बकनर दुनिया के सबसे सम्मानित अंपायरों में से एक थे। उन्होंने सचिन से जुड़े कुछ विवादित फैसले दिए। इनमें सबसे चौंकाने वाला फैसला गाबा में भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच के दौरान तेंदुलकर को एलबीडब्ल्यू आउट देना था।

वेस्टइंडीज क्रिकेट अंपायर संघ के साथ साक्षात्कार में अंपायर के तौर पर उनके सबसे मुश्किल फैसलों में से एक के बारे में पूछने पर बकनर ने कहा, सचिन को पगबाधा आउट देना। यह एक गलती थी लेकिन आज भी हर दिन लोग इसके बारे में बात करते हैं। मैंने उन्हें आउट क्यों दिया? क्या वह आउट था, वगैरह-वगैरह? लेकिन जिंदगी में गलतियां होती रहती हैं। मैंने मान लिया है कि यह एक गलती थी और जिंदगी चलती रहती है। गाबा में हुई सीरीज के उस मैच में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी और उनके साथियों की जोरदार अपील के बाद बकनर ने सचिन को पगबाधा आउट दे दिया था। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने गेंद को छोड़ने की कोशिश की। यह उनके पैड के ऊपरी हिस्से में लगी लेकिन बकनर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की अपील से सहमत थे। बाद में टेलीविजन रीप्ले में पुष्टि हुई कि गेंद साफतौर पर स्टंप के ऊपर से जा रही थी। कमेंट्री बॉक्स में मौजूद दिवंगत टोनी ग्रेग ने इसे 'एक भयानक' फैसला कहा था और उस समय ऐसा सोचने वाले वे अकेले नहीं थे। यह चार मैचों की सीरीज का पहला मैच था। भारत के कप्तान सौरव गांगुली ने शानदार 144 रन बनाए थे जिसके बाद यह मैच ड्रॉ हुआ था। ईडन गार्डंस में 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बकनर ने आधे-अधूरे मन से की गई अपील के बावजूद अब्दुल रज्जाक की गेंद पर सचिन को कैच आउट दिया था। हालांकि रीप्ले में बल्ले और गेंद के बीच काफी अंतर दिखा। -------------- सचिन ने कहा था सचिन से 2024 में बकनर के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछने पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, जब मैं बल्लेबाजी कर रहा होता हूं तो उसे मुक्केबाजी ग्लब्स पहनने के लिए दीजिए (जिससे कि वह अपनी अंगुली नहीं उठा सकें)। --------------- नंबर गेम -128 टेस्ट मैचों में 1989 और 2009 के बीच अंपायरिंग की हैं बकनर ने -5 लगातार (1992-2007) विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग का रिकॉर्ड भी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।