
समझौते के सबसे अहम मुद्दे अब भी अनसुलझे : जेलेंस्की
यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते से केवल 10 प्रतिशत दूर है। हालांकि, दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं। जेलेंस्की ने मजबूत सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि रूस को फिर से हमला करने से रोका जा सके।
कीव (यूक्रेन), एजेंसी। यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश रूस के साथ युद्ध खत्म करने के समझौते से सिर्फ 10 प्रतिशत दूर है। हालांकि कहा कि दोनों देशेां के बीच सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी अनसुलझे ही हैं। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे घातक संघर्ष को खत्म करने के अमेरिकी नेतृत्व वाले प्रयासों ने हाल के हफ्तों में गति पकड़ी है। लेकिन युद्ध के बाद के समझौते में क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे पर दोनों पक्ष अभी भी असहमत हैं। रूस ने यूक्रेन के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर रखा है। बताया जा रहा है कि रूस समझौते के हिस्से के रूप में देश के पूर्वी डोनबास क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण के लिए दबाव डाल रहा है - लेकिन कीव ने चेतावनी दी है कि जमीन छोड़ने से मॉस्को का हौसला बढ़ेगा।
नए साल की पूर्व संध्या पर जेलेंस्की ने अपने संबोधन में कहा कि उनका देश युद्ध खत्म करना चाहता है, लेकिन किसी भी कीमत पर नहीं। कहा कि रूस को फिर से हमला करने से रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता है। जेलेंस्की का यह संबोधन अमेरिकी अधिकारियों द्वारा लगभग चार साल के संघर्ष को खत्म करने के अगले कदमों पर यूक्रेनी और यूरोपीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ बातचीत करने के कुछ ही घंटों बाद आया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




