60 सेकंड में 3 हमले: खामेनेई समेत 40 ईरानी नेता ढेर
- इजरायल ने महीनों तक शीर्ष ईरानी नेताओं की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी

ईरान पर हमलों से पहले अमेरिका और इजरायल ने महीनों तक शीर्ष ईरानी नेताओं की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी। उनकी पल-पल की जानकारी को एकत्र किया। इसके बाद ईरान पर कार्रवाई की शुरुआत 60 सेकंड के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन हमलों से हुई। इन्हीं हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई नेताओं की मौत हो गई। अभियान से परिचित एक इजरायली सैन्य अधिकारी ने यह दावा किया है। सैन्य अधिकारी के अनुसार इस खुफिया जानकारी ने अचानक हमला करने की रणनीति को संभव बनाया। उनके मुताबिक इन हमलों में खामेनेई समेत करीब 40 वरिष्ठ नेताओं की मौत हुई, जिनमें रिवॉल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख और रक्षा मंत्री भी शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि कई हफ्तों की निगरानी, प्रशिक्षण और रियल-टाइम खुफिया जानकारी से यह संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि हमले दिन के समय किए गए ताकि आश्चर्य का तत्व बना रहे। लगातार तीन हमले किए गए। ऐसा इसलिए किया किया ताकि पहली कार्रवाई के बाद शीर्ष अधिकारी भाग न सके। इसी हमले में खामेनेई समेत शीर्ष ईरानी नेताओं की जान चली गई। इस दौरान इजरायल ने अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ करीबी समन्वय किया। सीआईए की महीनों की निगरानी हमलों से पहले सीआईए कई महीनों से ईरान के शीर्ष नेताओं की गतिविधियों को ट्रैक कर रही थी। यह खुफिया जानकारी इजरायली अधिकारियों के साथ साझा की गई और लक्ष्यों की लोकेशन के आधार पर हमलों का समय तय किया गया। यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि बी-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर 2,000 पाउंड के बमों से हमला किया। यह रणनीति पहले भी ईरानी परमाणु स्थलों पर हमलों के दौरान अपनाई गई थी। राजनीतिक प्रतिक्रिया सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी के चेयरमैन रिपब्लिकन सीनेटर टॉम कॉटन ने कहा कि सर्वोच्च नेता और अन्य विरोधी देशों के शीर्ष अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखना अमेरिकी खुफिया समुदाय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क वार्नर ने हमलों के औचित्य, दीर्घकालिक रणनीति और अमेरिकी सैनिकों के सामने मौजूद जोखिमों पर गंभीर चिंता जताई। सैन्य अधिकारियों के अनुसार इस अभियान में तीन अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



