Delhi News: कानपुर और बिहार के ध्यानार्थ : फर्जी दस्तावेजों से चिकित्सक का पंजीकरण, दो गिरफ्तार
Delhi News: राजस्थान में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के जरिए चिकित्सक के रूप में पंजीकरण कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सीकर निवासी पंकज यादव और जालौर के भास्कर अस्पताल के मालिक नानजी राम चौधरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर फर्जी एमबीबीएस डिग्री और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। उनके पंजीकरण रद्द कर दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।

Delhi News: जयपुर, फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सक के रूप में पंजीकरण कराने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक निजी अस्पताल का मालिक भी है। वह 8वीं पास है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय सीकर निवासी पंकज यादव और जालौर के रानीवाड़ा स्थित भास्कर अस्पताल के मालिक नानजी राम चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यादव ने 2013 से 2018 के बीच कजाखस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई की, लेकिन छह बार प्रयास करने के बावजूद वह विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) पास नहीं कर सका। यादव ने राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण के लिए बिहार के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज की फर्जी एमबीबीएस डिग्री और अंकतालिकाएं बनवाईं।
पुलिस के मुताबिक, बिहार मेडिकल काउंसिल का फर्जी पंजीकरण प्रमाणपत्र भी तैयार किया गया था। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए गए और यादव को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया गया। वहीं, नानजी राम चौधरी पर कानपुर की रामा यूनिवर्सिटी की कथित एमबीबीएस डिग्री और मुंबई के कॉलेज ऑफ फिजिशियंस एंड सर्जन्स का स्त्री रोग संबंधी डिप्लोमा हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि राजस्थान मेडिकल काउंसिल के पंजीयक की शिकायत पर अक्तूबर 2024 में दर्ज मामला बाद में एसओजी को सौंपा गया था। दोनों आरोपियों के फर्जी पंजीकरण रद्द कर उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

