ट्विशा के परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए कोर्ट में अर्जी दी
भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए अदालत में अर्जी दी है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मृतका का चारित्रिक परीक्षण किया जा रहा है। ट्विशा की सास और पति पर दहेज हत्या का आरोप है।

भोपाल, एजेंसी। मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में परिजनों ने शव के दूसरे पोस्टमार्टम के लिए भोपाल की अदालत में अर्जी दी है। परिवार के वकील ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वहीं, परिवार एक अपील जारी करते हुए इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि मौत के बाद ट्विशा का ‘कैरेक्टर ट्रायल’ (चारित्रिक सवाल) बंद होना चाहिए। परिवार के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि हमने भोपाल में संबंधित मजिस्ट्रेट के सामने ट्विशा के दूसरे पोस्टमार्टम की अनुमति के लिए अर्जी दी है। बता दें कि 33 वर्षीय ट्विशा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। नोएडा में रहने वाले ट्विशा के परिवार ने ट्विशा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति वकील समर्थ सिंह पर दहेज हत्या और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए थे। घटना के बाद से समर्थ फरार है। पुलिस ने उस पर 10000 का इनाम घोषित कर दिया है।
परिवार की चिंताएं
उधर, ट्विशा के परिवार ने मंगलवार को तीन पेज का एक बयान भी जारी किया। इसमें जांच की निष्पक्षता को लेकर आशंकाएं जाहिर कीं। परिवार ने कहा कि वे यह कानूनी लड़ाई अकेले लड़ रहे हैं। दावा किया कि स्थानीय प्रशासन, राजनीतिक संस्थाओं, महिला संगठनों से भी समर्थन नहीं मिल रहा। परिवार ने कहा कि इस बीच ट्विशा को मानसिक अस्थिरता, नशे की लती, एंग्जाइटी पीड़ित होने जैसी बातें फैलाई जा रही हैं। कहा कि यह न सिर्फ जांच को भटकाने की कोशिश है, बल्कि इसके जरिये मृतका के सम्मान को भी खराब किया जा रहा है।
दूसरे पोस्टमार्टम से क्यों घबरा रहे आरोपी
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने सवाल उठाया कि आरोपी पक्ष एम्स दिल्ली में शव का दूसरा पोस्टमार्टम करवाने से घबरा क्यों रहा है। उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ होने की आशंका जताते हुए अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डाटा जैसे डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने का अनुरोध भी किया है। ट्विशा की मां रेखा शर्मा ने इन आरोपों से इनकार किया कि परिवार पैसों के लिए ट्विशा पर निर्भर था।
सास बोली, मुकदमे में कोई दम नहीं
दूसरी ओर, ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का कहना है कि उनके और उनके बेटे के खिलाफ दर्ज कराए गए दहेज हत्या के केस में कोई दम नहीं है। कहा कि यह केस खारिज हो जाना चाहिए था। आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद ट्विशा का बर्ताव बदल गया था। दावा किया कि वह कथित तौर पर गर्भपात कराने पर अड़ी हुई थी। उनका कहना है कि ट्विशा के गर्भपात कराने से उनका बेटा समर्थ बहुत दुखी था। समर्थ की फरारी के सवाल पर सिंह ने कहा कि अपनी आजादी की रक्षा करना सबका अधिकार है। दावा किया कि सही समय आने पर वह पेश होगा और उसके वकील मजबूती से पैरवी करेंगे।
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


