इलाके में पुलिस का सख्त पहरा
नई दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में मंगलवार रात हुई हिंसक झड़प के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ-साथ मोबाइल सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। हालाँकि इलाके में शांति है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। तुर्कमान गेट इलाके में मंगलवार देर रात हुई हिंसक झड़प के बाद सुरक्षा कड़े कर दी गई है। इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। एहतियातन गुरुवार सुबह भी रामलीला मैदान से तुर्कमान गेट जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद था। पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात हैं और दंगा नियंत्रण वाहन हर संदिग्ध पर नजर रख रहे हैं। हालांकि इलाके में शांति है, माहौल अभी भी तनावपूर्ण है। तुर्कमान गेट के आसपास हर कोने पर पुलिस की कड़ी निगरानी है।
मॉनिटरिंग के लिए इलाके में मोबाइल पुलिस स्टेशन यानी चलता-फिरता सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया गया है। मस्जिद के सामने यह कंट्रोल रूम दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लिए अहम साबित हो रहा है। इस कंट्रोल रूम के जरिए दंगे वाले या भीड़भाड़ वाले इलाकों में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल सीसीटीवी कंट्रोल रूम घटना स्थल पर सतर्कता बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को तुरंत नियंत्रित करने में कारगर साबित हो रहा है। वर्तमान में इलाके में शांति है, लेकिन सुरक्षा के इस कड़े बंदोबस्त से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


