चीन से वार्ता के बाद बोले ट्रंप, ईरान को लेकर धैर्य खो रहा हूं

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

- तेहरान से जल्द समझौता करने को कहा वॉशिंगटन, एजेंसी। चीन से वार्ता

चीन से वार्ता के बाद बोले ट्रंप, ईरान को लेकर धैर्य खो रहा हूं

- तेहरान से जल्द समझौता करने को कहा वॉशिंगटन, एजेंसी। चीन से वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को लेकर उनका धैर्य खत्म होता जा रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत और संयुक्त अरब अमीरात के पास एक पोत पर कब्जे की घटना के बाद ट्रंप ने तेहरान से जल्द समझौता करने को कहा।

चीन और अमेरिका के बीच वार्ता

फॉक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि मैं ज्यादा समय तक धैर्य रखने वाला नहीं हूं। उनको समझौता कर लेना चाहिए। व्हाइट हाउस के अनुसार बीजिंग में हुई बैठक के दौरान ट्रंप और जिनपिंग ने इस बात पर सहमति जताई कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जाना चाहिए। यह समुद्री मार्ग दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। ईरान ने फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में इस जलमार्ग को प्रभावी रूप से बंद कर दिया था, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई। चीन ईरान के सबसे बड़े तेल खरीदारों में शामिल है। व्हाइट हाउस ने यह भी कहा कि जिनपिंग ने होर्मुज जलडमरूमध्य के सैन्यीकरण और उसके इस्तेमाल पर शुल्क लगाने का विरोध किया। ट्रंप ने दावा किया कि जिनपिंग ने ईरान को सैन्य उपकरण नहीं देने का भी आश्वासन दिया है। ट्रंप के अनुसार चीन भविष्य में इस जलमार्ग पर निर्भरता कम करने के लिए अमेरिका से अधिक तेल खरीदने में भी रुचि रखता है। वहीं, दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। हालांकि तेहरान लगातार ऐसे आरोपों से इनकार करता रहा है।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव

बता दें कि अमेरिका ने पिछले महीने ईरान पर अपने हमले रोक दिए थे, लेकिन उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी। दोनों देशों के बीच वार्ता फिलहाल ठप पड़ी है, क्योंकि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने और संवर्धित यूरेनियम का भंडार छोड़ने को तैयार नहीं है।

सामान्य प्रश्न

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से कब समझौता करने की अपील की?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से जल्द समझौता करने की अपील चीन से वार्ता के बाद की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।