ग्रीनलैंड के लिए सेना का कर सकते हैं इस्तेमाल : व्हाइट हाउस

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को हासिल करने के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। ट्रंप इसे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं। डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेताओं ने ट्रंप के बयानों पर विरोध जताया है और वार्ता की मांग की है।

ग्रीनलैंड के लिए सेना का कर सकते हैं इस्तेमाल : व्हाइट हाउस

वॉशिंगटन, एजेंसी। व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को हासिल करने के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और इस लक्ष्य के लिए अमेरिकी सेना का इस्तेमाल भी उनके पास विकल्प के तौर पर मौजूद है। बयान में कहा गया कि ट्रंप ग्रीनलैंड को आर्कटिक क्षेत्र में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम मानते हैं और इसे रूस व चीन जैसी ताकतों को रोकने से जोड़कर देखते हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, ट्रंप पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आर्कटिक क्षेत्र में विरोधी ताकतों को रोकने के लिए ग्रीनलैंड अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम है।

उन्होंने कहा, राष्ट्रपति और उनकी टीम इस महत्वपूर्ण लक्ष्य को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं और कमांडर-इन-चीफ होने के नाते सैन्य विकल्प भी हमेशा उपलब्ध रहता है। इस बयान के एक दिन पहले ही यूरोप के कई देशों ने ट्रंप की ग्रीनलैंड संबंधी टिप्पणियों पर संयुक्त बयान जारी कर कड़ा विरोध जताया था। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी डेनमार्क के समर्थन का ऐलान किया है। उनका कहना है कि ग्रीनलैंड के भविष्य का फैसला केवल डेनमार्क और वहां के लोग ही करेंगे। डेनमार्क-ग्रीनलैंड ने रूबियो से वार्ता की अपील की ट्रंप के बयान और व्हाइट हाउस के रुख पर डेनमार्क व ग्रीनलैंड के नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक की मांग की गई है ताकि गलतफहमियों को दूर किया जा सके। ग्रीनलैंड की विदेश मंत्री विवियन मोट्जफेल्ट ने भी कहा कि वार्ता का मकसद अमेरिका के बयानों पर स्पष्टता हासिल करना है। खरीदने को लेकर कर रहे बात : रूबियो इस बीच, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कांग्रेस को दी ब्रीफिंग में सैन्य कार्रवाई की बात को कुछ हद तक कमतर बताया। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, रूबियो ने संकेत दिया कि तत्काल किसी सैन्य हस्तक्षेप की योजना नहीं है और उद्देश्य डेनमार्क से ग्रीनलैंड को खरीदने पर केंद्रित है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।