ईरान से यूरेनियम जब्त करने की सैन्य योजना टाली : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान से संवर्द्धित यूरेनियम जब्त करने के लिए सैनिकों को भेजने की योजना बनाई थी, लेकिन जोखिम के कारण इसे टाल दिया गया। ट्रंप ने बताया कि ईरान का यूरेनियम जब्त करने के लिए अमेरिका को किसी समझौते की जरूरत नहीं है।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान से संवर्द्धित यूरेनियम जब्त करने के लिए अमेरिकी सैनिकों को भेजने की तैयारी कर ली थी। हालांकि इसमें जोखिम को देखते हुए अंतिम समय में इसे टाल दिया गया। कहा कि पेंटागन के योजनाकारों ने यूरेनियम जब्त करने के लिए संभावित कई तरीकों का परीक्षण किया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का यूरेनियम जब्त करने के लिए अमेरिका को उससे किसी समझौते की जरूरत नहीं है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने बताया कि प्रस्तावित सीमा पार अभियान बहुत जोखिम भरा माना गया। इसके लिए बड़े पैमाने पर सैन्य लामबंदी की जरूरत होती। उन्होंने कहा कि इस जटिल मिशन को पूरा करने में कम से कम दो सप्ताह का समय लगता और इसके लिए बड़े पैमाने पर सैन्य संसाधनों को सीधे ईरानी इलाके में ले जाना पड़ता। उन्होंने संवेदनशील परमाणु सामग्री को ‘न्यूक्लियर डस्ट’ बताया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के पास अब भी ऐसा अभियान करने की पूरी ताकत है। ट्रंप ने कहा, ‘हम इसे अभी हासिल कर सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि वे हमें रोक सकेंगे, लेकिन ऐसा करने का कोई कारण नहीं है। इसे दफना दिया गया है।’
ईरान के पास कोई रास्ता नहीं बचा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार में ईरान के साथ जारी बातचीत और इसमें बार-बार आ रही बाधाओं पर बात की। उन्होंने कहा, ‘यह उनके (ईरान के) लिए बहुत मुश्किल काम है। ऐसी कई चीजें हैं, जो उन्हें करनी पड़ेंगी। ऐसी कई बातें हैं, जिनके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वे ऐसा करेंगे।’ उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अंतिम निर्णय पर पहुंचने में समय लग रहा है। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के पास अब कोई चारा नहीं बचा है।
समुद्र में डूबे दिखाए ईरानी जहाज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर एक वीडियो साझा किया। एआई से बने इस वीडियो में कुछ जहाज समुद्र में डूबे दिखाए गए हैं। इसके कैप्शन में ‘ईरानी नौसेना’ लिखा है। हालांकि, इसके साथ कोई संदेश नहीं लिखा गया है। ट्रंप ने इससे पहले दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने अपने पिछले हमलों के दौरान ईरान के नौ युद्धपोत और 51 अन्य जहाजों को डुबो दिया था।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


