
सीवर की सफाई के लिए उतरे दो मजदूर की मौत
::लापरवाही:: -- सरोजिनी नगर में एनबीसीसी की निर्माणाधीन साइट पर हुआ हादसा -- दम
नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। राजधानी में सीवर सफाई के दौरान लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला सरोजिनी नगर इलाके का है। एनबीसीसी की निर्माणाधीन साइट पर सीवर की सफाई के लिए उतरे मजदूरों में से दो की दम घुटने से मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात को सरोजिनी नगर थाने में पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर ने बताया कि पिलांजी गांव में मेट्रो गेट संख्या एक के पास एक इमारत ढह गई है और करीब तीन-चार लोग इसमें फंसे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि हादसा पिलांजी गांव स्थित मेट्रो गेट संख्या दो के पास एनबीसीसी कंस्ट्रक्शन साइट पर हुआ है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दो मजदूर यहां स्थित एक बंद सीवर (इस्तेमाल में नहीं था) की सफाई करने के लिए उतरे थे, लेकिन सीवर की सफाई करने के दौरान दोनों अचेत हो गए। यह देखकर स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की गुहार लगाई तो एक तीसरा मजदूर उन्हें बचाने के लिए सीवर के अंदर गया और वह भी इसकी चपेट में आ गया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक दो मजदूरों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भेज दिया गया था, जबकि तीसरे मजदूर को पुलिस की गाड़ी से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
निजी अस्पताल में जाकर पुलिस ने दोनों घायलों की पहचान 29 वर्षीय बबूंद्र कुमार सिंह और 28 वर्षीय श्रीनाथ सोरेन के रूप में की। बबूंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह बिहार के गोपालगंज स्थित खरपकवा गांव का रहने वाला था। पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर स्थित दिकुल गांव का निवासी श्रीनाथ का अभी उपचार चल रहा है। घटना में तीसरे मृतक की पहचान रामासरे के रूप में हुई। वह उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का रहने वाला था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जिसकी लापरवाही सामने आएगी उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




