स्कूल में मैराथन जीतने के बाद दसवीं की छात्रा की मौत
पालघर के एक स्कूल में स्पोर्ट्स डे के दौरान एक दुखद घटना घटी। 10वीं की छात्रा रोशनी गोस्वामी, जो मैराथन में तीसरे स्थान पर थी, दौड़ के बाद बेहोश हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने हृदयाघात की आशंका जताई है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने खेलों में स्वास्थ्य जांच की मांग की है।

पालघर, एजेंसी। पालघर के एक स्कूल में ‘स्पोर्ट्स डे’ के दौरान बेहद दुखद घटना हो गई। यहां मैराथन में तीसरा स्थान हासिल करने के कुछ ही देर बाद छात्रा बेहोश होकर गिर गई। अस्पताल ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया। आशंका है कि हृदय गति रुकने से उसकी जान गई। अधिकारियों ने बताया कि पालघर जिले के तलासरी इलाके में शनिवार को भारती एकेडमी का स्पोर्ट्स डे मनाया गया। इस दौरान उंबरगांव निवासी 10वीं की छात्रा रोशनी गोस्वामी मैराथन में तीसरे स्थान पर रही। बताया कि दौड़ पूरी करने के बाद उसने सांस लेने में दिक्कत की बात कही और बेहोश हो गई।
प्रधानाचार्य ने बताया कि उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदेह जताया कि छात्रा को हृदयाघात हुआ था। छात्रा की मौत से मां सुनीता बेन गोस्वामी और परिजनों का बुरा हाल है। घोलवाड़ पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ पुलिसकर्मी भी आयोजन में मौजूद थे, उनसे जानकारी ली जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। ‘लंबी दौड़ से पहले हो स्वास्थ्य जांच’ घटना पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इस तरह के कड़े श्रम वाले खेलों में अक्सर प्राथमिक उपचार, तत्काल चिकित्सक या एंबुलेंस नहीं होते हैं। मांग उठाई कि लंबी दूरी की दौड़ से पहले छात्रों की स्वास्थ्य जांच होनी चाहिए, ताकि उनमें हाइड्रेशन और पोषण के स्तर की जांच की जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




