Delhi News: जितिया पर्व पर नहाने गईं दो सहेलियों यमुना में डूबीं
Delhi News: तिमारपुर में जितिया पर्व के दौरान यमुना में नहाने गईं दो सहेलियों, काजल और पिंकी, की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बरामद कर लिए हैं। काजल की शादी अगले महीने होनी थी, लेकिन अब परिवार में केवल उसकी मां बची हैं।

Delhi News: नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। तिमारपुर इलाके में शुक्रवार सुबह जितिया पर्व पर यमुना में नहाने गईं दो सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने दोनों युवतियों के शव को बरामद कर लिया है। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में मृत युवतियों की पहचान 18 वर्षीय काजल और पिंकी कुमारी के तौर पर हुई है। दोनों युवतियां परिवार सहित जखीरा की झुग्गियों में रहती थीं। दोनों मूलरूप से बिहार की रहने वाली थीं। पिंकी के भाई विकास ने बताया कि शनिवार को जितिया व्रत है। इसमें मां अपने बेटे की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रहती हैं। इस व्रत से एक दिन पहले नदी में स्नान किया जाता है। पिंकी का परिवार भी अन्य लोगों के साथ शुक्रवार सुबह स्नान करने यमुना के सूरघाट पर पहुंचा था। पिंकी के परिवार के साथ काजल और उसकी मां अंजू देवी भी थीं。
हादसे का विवरण
विकास ने बताया कि सुबह सभी लोग नहा रहे थे। इसी दौरान पिंकी और उसकी सहेली काजल गहरे पानी में चली गईं। यमुना तट पर खड़े परिजन कुछ कर पाते इससे पहले ही दोनों युवतियां डूब गईं। फिर दमकल, पुलिस और गोताखोरों को हादसे की सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। एसआई दीपक शर्मा ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
काजल की शादी की तैयारी
अगले महीने होनी थी काजल की शादी
काजल के पिता जितेंद्र की मौत हो चुकी है। परिवार में काजल के अलावा उसकी मां अंजू देवी ही हैं। वह आसपास के घरों में काम कर गुजर-बसर करती हैं। उन्होंने बताया कि रिश्तेदारों से कर्ज लेकर और कुछ जुटाई रकम के सहारे काजल की शादी 21 नवंबर को तय की थी। धीरे-धीरे शादी की तैयारियां हो रही थीं। इस हादसे के बाद जीने का एकमात्र सहारा भी चला गया।
दोस्ती की कहानी
बचपन की सहेलियां थीं दोनों
परिजनों ने बताया कि काजल और पिंकी दोनों बचपन की सहेलियां थीं। दोनों हमेशा साथ रहती थीं। इसलिए जब पिंकी जाने लगी तो उसने काजल को भी साथ चलने के लिए तैयार कर लिया। हालांकि, काजल की मां व्रत नहीं थी। पिंकी के परिवार में पिता भूषण, मां बिंदू देवी, दो भाई और दो बहनें हैं। भूषण स्थानीय फैक्टरी में काम करते हैं।

