
विदेश : जिपलाइनिंग करते बाप-बेटे पर ततैयों का हमला, मौत
लाओस में जिपलाइनिंग के दौरान एक अमेरिकी व्यक्ति और उनके किशोर बेटे पर ततैयों के झुंड ने हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई। यह हादसा 15 अक्टूबर को ग्रीन जंगल पार्क में हुआ। मृतकों की पहचान डैन ओवेन और उनके बेटे कूपर के रूप में हुई है।
लाओस, एजेंसी। जिपलाइनिंग के दौरान अमेरिकी शख्स और उनके बेटे पर अचानक ततैयों के एक झुंड ने हमला कर दिया, सैकड़ों डंक से दोनों की मौत हो गई। अस्पताल की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई। लाओस के एडवेंचर कैंप में 15 अक्तूबर को जिपलाइनिंग करते समय एक अमेरिकी व्यक्ति और उसके किशोर बेटे की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। मरने वालों की पहचान वियतनाम के एक स्कूल निदेशक डैन ओवेन और उनके बेटे कूपर के रूप में हुई है। दोनों ग्रीन जंगल पार्क में जिपलाइन से उतर रहे थे, तभी अचानक उन पर बड़ी संख्या में ततैयों ने हमला कर दिया।
हमले के बाद दोनों को पहले एक स्थानीय क्लिनिक ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार मिला। लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उन्हें लुआंग प्राबांग प्रांतीय अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टर जॉरव्यू यियानूचोंगटेंग ने बताया कि कूपर बेहोशी की हालत में पहुंचा और आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। डैन ओवेन सचेत थे, लेकिन लगभग तीन घंटे बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




