कर्नाटक : सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत
बेंगलुरु के नेलमंगला में एक भीषण कार-बस दुर्घटना में पांच युवकों की मौत हो गई। कार डिवाइडर से टकराकर बस से भिड़ गई। सभी मृतक 17 से 22 वर्ष के थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।

बेंगलुरु, एजेंसी। बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास एक कार केएसआरटीसी की बस से भिड़ गई। हादसे में कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार आधी रात को हुई। बेंगलुरु की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत लेन में चली गई और सामने से आ रही बस से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अधिकारियों को संदेह है कि कार तेज गति से जा रही होगी और चालक ने नियंत्रण खो दिया होगा, जिसके कारण दुर्घटना हुई।
दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की उम्र 17 से 22 वर्ष है, ये डोड्डाबल्लापुरा के निवासी थे। हालांकि, बस में सवार सभी 43 यात्रियों को कोई खास चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद, बस यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरी बस में स्थानांतरित किया गया। मदनायकानहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कार्तिक रेड्डी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी। रक्त के नमूने जांच के लिए एफएसएल भेज दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




