Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsTragic Accident Speeding E-Rickshaw Kills 4-Year-Old Boy in Chhawla
तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम की जान गई

तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम की जान गई

संक्षेप:

छावला इलाके में एक निजी स्कूल के बाहर तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने चार वर्षीय आरव को कुचल दिया। इस दुर्घटना में आरव गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज किया है।

Feb 10, 2026 06:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। छावला इलाके में एक निजी स्कूल के बाहर तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने चार वर्षीय मासूम को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मां के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ई-रिक्शा चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 27 वर्षीय जानकी शर्मा अपने परिवार के साथ कुतुब विहार फेस-1, गोयला डेयरी में रहती हैं। उनके पति भारत शर्मा हैं। परिवार में छह वर्षीय बेटी आर्या और चार वर्षीय बेटा आरव था। आर्या एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा है।

बुधवार को स्कूल की छुट्टी के समय जानकी बेटी को लेने स्कूल पहुंची थीं। इस दौरान आरव भी उनके साथ मौजूद था। जानकी स्कूल के बाहर खड़ी होकर बेटी का इंतजार कर रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार ई-रिक्शा आया और आरव को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरव उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से जानकी ने अपनी देवरानी अर्चना के साथ आरव को इंदिरा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर छावला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ई-रिक्शा चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।