Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsTragic Accident National Archer Arjun Sonawale Dies After Falling from Train in Kota
राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज की ट्रेन से गिरकर मौत

राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज की ट्रेन से गिरकर मौत

संक्षेप:

राजस्थान के कोटा जंक्शन पर 20 वर्षीय तीरंदाज अर्जुन सोनावले की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। वह पंजाब से लौट रहा था और ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था, तभी गिर गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अर्जुन ने राष्ट्रीय स्तर पर आठ स्वर्ण पदक जीते थे।

Nov 02, 2025 09:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

कोटा, एजेंसी। राजस्थान के कोटा जंक्शन पर महाराष्ट्र के 20 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। जीआरपी के अनुसार, मृतक का नाम अर्जुन सोनावले था, जो नासिक (महाराष्ट्र) का रहने वाला था। वह अपने साथियों और कोच के साथ पंजाब के भटिंडा में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौट रहा था। अर्जुन शकूर बस्ती-मुंबई सेंट्रल एसी स्पेशल ट्रेन से महाराष्ट्र लौट रहा था। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे जब ट्रेन कोटा स्टेशन पर रुकने के लिए धीमी हो रही थी, तब वह कोच बी4 के दरवाजे पर खड़ा था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उसी दौरान कुछ साथियों के साथ दूसरे कोच में भोजन के लिए जाने की कोशिश में वह फिसल गया और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़ा। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने अर्जुन को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसके दो चचेरे भाइयों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई भी टीम का हिस्सा थे। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी अधिकारी दलचंद सैनी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। टीम मैनेजर अनिल कमलापुरे ने बताया कि अर्जुन स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में अब तक आठ स्वर्ण पदक जीत चुका था।