नई दिल्ली। वरिष्ठ संवाददाता
कंझावला इलाके में ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण आत्महत्या के कारण की जानकारी नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, झज्जर के चंदोल गांव का रहने वाला अनिल 2010 में दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था। फिलहाल वह जनकपुरी ट्रैफिक सर्किल में तैनात था। मृतक के पिता रूप चंद ने बताया कि अनिल छह-सात माह से घेवरा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। अनिल ने गुरुवार को फोन नहीं उठाया तो शंका होने पर शुक्रवार को उसके पिता किराए के मकान पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो अनिल का शव छत से फंदे के सहारे लटक रहा था। शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे। परिजनों के अनुसार, अनिल की पत्नी दो बेटियों के साथ इन दिनों मायके रह रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक कांस्टेबल की यूनिट को दे दी गई है।