
विकास कार्यों के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित, अपनाएं वैकल्पिक रास्ते
-गोकलपुरी-भजनपुरा, जनकपुरी, महरौली, बादली, पटपड़गंज रोड और सूरजमल विहार रोड पर चल रहा निर्माण कार्यनई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में विकास कार्यों की रफ्तार तेज है, लेकिन इनकी वजह से कई मार्गों...
-गोकलपुरी-भजनपुरा, जनकपुरी, महरौली, बादली, पटपड़गंज रोड और सूरजमल विहार रोड पर चल रहा निर्माण कार्य नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में विकास कार्यों की रफ्तार तेज है, लेकिन इनकी वजह से कई मार्गों पर यातायात जाम की वजह से वाहनों की गति धीमी हो रही है। गोकलपुरी-भजनपुरा, जनकपुरी, महरौली, बादली, पटपड़गंज रोड और सूरजमल विहार रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित है। कुछ कार्य एक सप्ताह तो कुछ लंबे वक्त तक चलेंगेे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रत्येक स्थान पर डायवर्जन लागू किया हुआ है, साथ ही वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं, ताकि लोग समय पर अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। --- गोकलपुरी-भजनपुरा वजीराबाद रोड पर चल रहा पाइपलाइन का कार्य गोकलपुरी से भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के बीच वजीराबाद रोड पर दिल्ली जल बोर्ड पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहा है।
इसके चलते अगले पंद्रह दिन तक रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वह गोकलपुरी फ्लाईओवर अंडरपास से होते हुए बाएं मोड़कर मौजपुर की ओर जाएं, फिर सीलमपुर या शास्त्री पार्क पहुंचे। इसी तरह दुर्गापुरी चौक, मौजपुर और शाहदरा होते हुए शास्त्री पार्क जा सकते हैं। ----- प्रो. जोगिंदर सिंह मार्ग आंशिक रूप से बंद पानी की पाइपलाइन के कार्य के चलते दिल्ली जल बोर्ड जनकपुरी क्षेत्र के प्रो. जोगिंदर सिंह मार्ग पर खुदाई कार्य कर रहा है। इसके चलते एक सप्ताह के लिए आंशिक रूप से यह मार्ग बंद रहेगा। ऐसे में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि नजफगढ़ रोड व आउटर रिंग रोड से जनकपुरी की ओर जाने वाले वाहन पंखा रोड व लाल साई मार्ग, जेल रोड व लाल साई मार्ग और धरम मार्ग व लाल साई मार्ग से होकर जा सकते हैं। पंखा रोड से जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर की ओर जाने वाले वाहन लाल साई मार्ग व जेल रोड होते हुए जा सकते हैं। लाल साई मार्ग व धरम मार्ग का रुख भी कर सकते हैं। ------ एमबी रोड पर यातायात प्रभावित दक्षिण दिल्ली के महरौली क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण एमबी रोड पर यातायात प्रभावित है। खानपुर टी-पॉइंट से हमदर्द रेड लाइट, संगम विहार तक की सड़क पर डायवर्जन रहेगा। यह कार्य एक सप्ताह तक चलने की उम्मीद है। ऐसे में साकेत से संगम विहार आने वाले वाहन खानपुर टी-पॉइंट से चिराग दिल्ली की ओर से होकर आ सकते हैं। संगम विहार से साकेत जाने वाले वाहन हमदर्द रेड लाइट से रवि दास मार्ग, तारा अपार्टमेंट, गोविंदपुरी मार्ग का रुख कर सकते हैं। ------ हैदरपुर-बादली फ्लाईओवर के जाम से बचने को अपनाएं वैकल्पिक मार्ग हैदरपुर से बादली फ्लाईओवर के पास मुकरबा चौक पर अंडरपास बनाने का कार्य चल रहा है। इसका काम 15 फरवरी तक पूरी होगा।इस कारण से फ्लाईओवर पर यातायात जाम की समस्या बन रहती है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि समय बचाने और जाम से बचने के लिए रोहिणी व नरेला से दिल्ली शहर आने के लिए पीतमपुरा, आउटर रिंग रोड और मॉडल टाउन का रूट अपना सकते हैं। मध्य दिल्ली से रोहिणी व नरेला जाने के लिए आजादपुर, वजीरपुर, रोहिणी रोड का रुख कर सकते हैं। रिंग रोड से पीतमपुरा होते हुए भी रोहिणी पहुंच सकते हैं। ------ पटपड़गंज रोड पर मंडावली रेलवे अंडरपास एक तरफ से बंद पटपड़गंज रोड पर मंडावली रेलवे अंडरपास का काम चल रहा है। इसके लिए मदर डेयरी से निर्माण विहार जाने वाला रास्ता बंद कर रखा है। इसे बनने में कई महीने लगेंगे। ऐसे में अंडरपास के दूसरी तरफ से दोनों ओर का ट्रैफिक चल रहा है। इससे यहां जाम रहता है। ऐसे में मदर डेयरी से निर्माण विहार जाने के लिए मदर डेयरी रोड से लक्ष्मी नगर कार बाजार जाएं, फिर यू-टर्न लेकर विकास मार्ग से निर्माण पहुंचें। वहीं निर्माण विहार से विकास मार्ग होकर मेदर डेयरी रोड से पटपड़गंज गांव, वेस्ट विनोद नगर, गणेश नगर जा सकते हैं। ------- सूरजमल विहार रोड पर चल रहा निर्माण कार्य कड़कड़डूमा कोर्ट से न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले कैरिजवे पर क्रॉस रिवर मॉल के पास सूरजमल विहार रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। एक सप्ताह में यह कार्य पूरा होगा। तब तक इस कैरिजवे पर यातायात प्रभावित रहेगा। ऐसे में आनंद विहार थाने के पास रेड लाइट से ईस्ट अर्जुन नगर, विश्वास नगर होते हुए न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र जा सकते हैं। सूरजमल विहार का दूसरा कैरिजवे खुला हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




