
दिल्ली-देहरादून हाईवे के फुटपाथ पर अतिक्रमण से दुर्घटना का खतरा
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ललिता पार्क से गांधी नगर के बीच पटरी विक्रेताओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी इसे हटाने का प्रयास कर रहे हैं। समस्या बढ़ती जा रही है, खासकर जब हाईवे देहरादून तक खोला जाएगा।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ललिता पार्क से लेकर गांधी नगर के बीच इस पर पटरी विक्रेताओं ने डेरा जमा रखा है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी मंडरा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों का कहना है कि यह समस्या उनके संज्ञान में है। ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से इन्हें हटाया जाएगा। बता दें कि हाईवे के अक्षरधाम से लोनी की ओर जाने वाले हिस्से पर ललिता पार्क से गांधी नगर तक गर्म कपड़े, जूते, नारियल पानी समेत विभिन्न सामान बेचने वाले फुटपाथ पर दुकान सजाते हैं।
इससे पैदल जाने वालों का रास्ता रुक रहा है। वहीं इनसे सामान खरीदने के लिए लोग कार व दोपहिया वाहन सड़क पर तिरछा खड़ा करते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। कई बार तो जाम की स्थिति बन जाती है। गांधी नगर के पास दुकानदार कपड़ों के बंडल सड़क पर ही उतरवाकर रख देते हैं। इससे भी आवाजाही प्रभावित हो रही है। जब से यह हाईवे बागपत तक ट्रायल के लिए खुला है, इस पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। कुछ दिन बाद देहरादून तक इसे खोला जाएगा, फिर समस्या विकराल हो सकती है। यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति न केवल यातायात के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बड़ी दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही है। हाईवे पर तेज रफ्तार में आ रहे वाहन फुटपाथ से सामान खरीद रहे लोगों के सड़क पर खड़ी कार व मोटरसाइकिल से टकरा सकते हैं। संबंधित अधिकारियों को समय रहते अतिक्रमण हटाना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




