
जाम से जूझे लोग, यातायात पुलिस से की व्यवस्था सुधारने की मांग
नई दिल्ली में शनिवार को गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के चलते कई इलाकों में यातायात बाधित हो गया। इंडिया गेट के आसपास और द्वारका मोड़ पर गंभीर जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने दिल्ली यातायात पुलिस से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। शनिवार को वीकएंड के बावजूद कई इलाकों में यातायात बाधित होने से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के चलते इंडिया गेट के आसपास के रास्तों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। रिहर्सल के अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में भी गंभीर जाम की स्थिति बनी रही। द्वारका मोड़ पर सुबह 10:30 बजे से भारी जाम लगा, जहां यातायात व्यवस्था के लिए कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। लोगों ने एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली यातायात पुलिस से शिकायत की।
उधर, मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन की रेड लाइट दोपहर से शाम 5:30 बजे तक जाम रही। किराड़ी एक्सटेंशन-2 में शाम को चार घंटे तक वाहन रेंगते रहे। लोगों ने एक्स पर दिल्ली यातायात पुलिस को अपनी पीड़ा बताते हुए समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई।प्रेमबाड़ी पुल से आजादपुर जाने वाले मार्ग पर शाम 6:45 बजे से घंटों का जाम रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना जाम लगता है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता। नांगली पूना खेड़ा रोड अंडरपास के पास शाम 7:30 बजे अत्यधिक भीड़ थी। रोशनारा रोड पर आजाद मार्केट से पुल बंगश मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर भी जाम रहा। यहां मेट्रो निर्माण कार्य के कारण आधी सड़क बंद है और बाकी हिस्से पर ई-रिक्शा का अवैध कब्जा है। लोगों ने यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है। दिल्ली यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि एक्स पर पोस्ट की गई शिकायतों का संज्ञान लेकर व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास किए जाते हैं। ----

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




