टीएमसी के पास ईडी छापे से जुड़ी ‘कुछ जानकारी’: अभिषेक
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी के पास आई-पैक के कोलकाता कार्यालय में ईडी द्वारा की गई तलाशी से संबंधित कुछ जानकारी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ममता बनर्जी ने जांच में बाधा डाली। बनर्जी ने कहा कि मामले की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वे न्यायालय के निर्देश का पालन करेंगे।

नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल), एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि पार्टी के पास पिछले सप्ताह राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कोलकाता कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई तलाशी से संबंधित ‘कुछ जानकारी’ है। तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कहा कि मामले की आगे की कार्यवाही के दौरान इस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बनर्जी की ये टिप्पणियां ऐसे दिन आई हैं जब सुप्रीम कोर्ट ने ईडी के इस आरोप को ‘बेहद गंभीर’ बताया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उसकी जांच में बाधा डाली थी। इस बात की जांच करने पर सहमति जताई है कि क्या किसी राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियां किसी गंभीर अपराध की केंद्रीय एजेंसी की जांच में हस्तक्षेप कर सकती हैं।
आई-पैक के सह-संस्थापक प्रतीक जैन के आवास और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार को न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए बनर्जी ने कहा कि आदेश का पालन करने में कोई दिक्कत नहीं है। अभिषेक ने नंदीग्राम के सेवाश्रय स्वास्थ्य शिविर में पत्रकारों से कहा, अगर न्यायालय ने निर्देश दिया है, तो इसमें क्या समस्या है? मामला जारी रहेगा और अभी समाप्त नहीं हुआ है। अगली सुनवाई की तारीख पर हम अपना पक्ष फिर से रखेंगे। केंद्रीय एजेंसी के आचरण का जिक्र करते हुए डायमंड हार्बर के सांसद ने कहा, ‘तलाशी से संबंधित कुछ जानकारी हमारे पास भी है। यदि कलकत्ता हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के समक्ष कोई गलत बयान दिए गए हैं, तो उन पहलुओं को उचित समय पर न्यायालयों के समक्ष लाया जा सकता है।’

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




