टीएमसी एससी/एसटी सीटों पर चलाएगी जनसंपर्क अभियान

Mar 02, 2026 04:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल की 84 अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सीटों के लिए 60 दिन का जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी ने भाजपा पर वंचित समुदायों का अपमान करने का आरोप लगाया। अभियान 5 मार्च से शुरू होगा, जिसमें टीएमसी कार्यकर्ता लोगों के बीच कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

टीएमसी एससी/एसटी सीटों पर चलाएगी जनसंपर्क अभियान

कोलकाता, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की 84 अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) बहुल विधानसभा सीटों के लिए 60 दिन के व्यापक जनसंपर्क अभियान की घोषणा की। पार्टी ने भाजपा पर राज्य को केंद्रीय निधियों से वंचित करने और वंचित समुदायों का अपमान करने का आरोप भी लगाया। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि ‘तपशिली संवाद’ अभियान होली के बाद पांच मार्च से शुरू होगा। दो महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान टीएमसी प्रतिनिधियों की टीमें विशेष वाहनों के जरिए विधानसभा क्षेत्रों के गांवों और बूथों तक पहुंचेंगी।

प्रत्येक वाहन में तीन से पांच सदस्य होंगे, जो जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद करेंगे। वे राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और भाजपा द्वारा एससी/एसटी समुदायों पर किए जा रहे कथित लगातार उत्पीड़न को उजागर करेंगे। बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने बार-बार वंचित समुदायों का अपमान किया है। अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि मतुआ समुदाय के लोगों को पवित्र जल ले जाने के बावजूद मंदिर परिसर में प्रवेश से रोका गया। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा डॉ. बीआर आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में संशोधन कर एससी/एसटी के लिए आरक्षण समाप्त करना चाहती है। टीएमसी नेता ने दावा किया कि केंद्र ने राज्य से लगभग सात लाख करोड़ रुपये कर के रूप में एकत्र किए, लेकिन बंगाल का बकाया बिहार और गुजरात जैसे अन्य राज्यों को दे दिया गया। भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ पर तंज कसते हुए उन्होंने पार्टी नेताओं को धोखेबाज बताया और टीएमसी कार्यकर्ताओं से अपने तरीके से जवाब देने को कहा। बनर्जी ने कहा कि भाजपा की रथों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि वापसी के दौरान नेताओं को वापस भेजा जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।