
संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ के लिए गुजरात जाएगी यूपी एटीएस
संक्षेप: गुजरात एटीएस ने तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो उत्तर प्रदेश के शामली और लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। यूपी एटीएस इनकी गतिविधियों और नेटवर्क की जांच के लिए गुजरात जाएगी। मोहम्मद सुहेल और आजाद सुलेमान शेख के संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लखनऊ, विशेष संवाददाता। गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़े तीन संदिग्ध आतंकियों में दो उत्तर प्रदेश के शामली और लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। यह जानकारी मिलते ही यूपी एटीएस भी अलर्ट हो गई। इन दोनों का यूपी में नेटवर्क क्या था, कैसे ये लोग वहां तक पहुंचे, इनके मददगार कौन-कौन लोग है, यह सब पता करने के लिए यूपी एटीएस गुजरात जाएगी। इसके साथ ही यूपी पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने लखीमपुर व शामली पुलिस से भी संपर्क कर दोनों आरोपियों का पूरा ब्योरा मांगा है। मोहम्मद सुहेल लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे का रहने वाला है। उसने मुजफ्फरनगर में रहकर हाफिज की पढ़ाई की थी।

उसके मोबाइल फोन में कई नंबर मिले है, इस आधार पर ही कई जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि सुहेल और शामली के आजाद सुलेमान शेख एक साथ ही गुजरात गए थे। यूपी एटीएस ने कुछ जानकारियां रविवार को गुजरात एटीएस के अफसरों से ली है। इनके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यूपी पुलिस पिछले कुछ समय में आंतकी गतिविधियों में लिप्त कई युवकों के पकड़े जाने के साथ अलर्ट हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों ने भी यूपी पुलिस के अफसरों से कई जानकारी साझा की है। इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। ---------- एटीएस के रडार पर आया शामली का झिंझाना शामली/लखीमपुर खीरी, संवाददाता शामली के झिंझाना निवासी आजाद के संदिग्ध आतंकी होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं खुफिया विभाग सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही झिंझाना भी एटीएस की रडार पर आ गया है। पुलिस ने आजाद सैफी के घर पहुंचकर पूरी जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार, आजाद सैफी बुढ़ाना के मदरसे में मौलवियत की पढ़ाई कर रहा है। वह गुजरात में कैसे पहुंचा और कब संदिग्ध लोगों के संपर्क में आया इसकी जानकारी से परिजनों ने इंकार कर दिया है। आजाद का शुरुआत में कैराना निवासी होने की चर्चा जोर से फैली थी। कैराना पुलिस ने भी खोजबीन में लग गई लेकिन उसके बारे में जानकारी नहीं मिली। शाम को आजाद के झिंझाना निवासी होने का पता चला। इसके बाद झिंझाना पुलिस उसके घर और परिजन की तलाश में लग गई। करीब आधे घंटे बाद पता चला कि वह झिंझाना के शेख मैदान सलाफा मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस उसके मकान पर पहुंची और जानकारी जुटाई। आजाद का परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। आजाद के पिता सुलेमान शेख हैं और वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। चार भाई और दो बहन हैं, तीन भाई और एक बहन आजाद से छोटे हैं। आजाद का बड़ा भाई शहजाद भी राजमिस्त्री का काम करता है। बड़ा भाई शहजाद और पिता सुलेमान राजमिस्त्री के काम पर हरियाणा के बहालगढ़ में गए हुए हैं। जबकि, दो छोटे भाई सुहैब और सुहेल दिल्ली में ठेकेदार के पास काम करते हैं। बड़े भाई शहजाद की शादी बुढ़ाना में हुई है। घर में आजाद की मां प्रमिदा, पिता सुलेमान और भाई शहजाद परिवार के साथ रहते हैं। आजाद की बड़ी बहन शहजाजादी की शादी हापुड़ में हुई है। कोट:: विस्तार से जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर उसके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं है। जांच की जा रही है। आजाद के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। घर और परिवार के बारे में जानकारी ले ली गई है। - एनपी सिंह, एसपी शामली तस्वीरों के कैप्शन : 7एसएमएल14, झिंझाना में आजाद के मकान में जांच पड़ताल एवं जानकारी हासिल करती पुलिस 7एसएमएल 15, झिझाना में आजाद का मकान और बाहर तैनात पुलिस 7एसएमएल 16, आजाद का फाइल फोटो ------------- तीन साल से बाहर रह रहा था सुहेल, मां बोली-यकीन नहीं हो रहा संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के आरोप में गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़ा मोहम्मद सुहेल लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही कस्बे का रहने वाला है। सुहेल के पिता सलीम ट्रैक्टर मैकेनिक हैं जबकि उसका एक भाई हैदराबाद स्थित फैक्ट्री में काम करता है। सुहेल मुजफ्फरनगर में दीनी तालीम लेने के नाम पर घर से गया था। वह क्या कर रहा था, घरवालों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घरवालों के अनुसार सुहेल गुजरात घूमने गया था लेकिन जब उन्हें पता चला कि वह आतंकी होने के आरोप में गिरफ्तार हुआ है तो उनके होश उड़ गए। परिवारवालों को सुहेल की गिरफ्तारी पर यकीन नहीं हो रहा है। उधर, सूचना मिलते ही सिंगाही पुलिस सुहेल के घर पहुंची और सत्यापन किया। पुलिस सुहेल के परिवार के संबंध में पूरी डिटेल अपने साथ ले गई है। सिंगाही कस्बे के वार्ड नंबर एक में रहने वाले मोहम्मद सुहेल के घरवालों ने पुलिस को बताया कि वह तीन साल पहले मुजफ्फरनगर गया था। वह मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में रहकर हाफिज की पढ़ाई कर रहा था। घरवालों के अनुसार वह छुट्टियों में घर आता था। आखिरी बार वह जुलाई 2025 में घर आया था। कुछ दिन घर पर रहने के बाद वह वापस चला गया। घरवालों की उससे फोन पर बात होती रहती थी। घरवालों के अनुसार सुहेल ने उनको एक सप्ताह पहले बताया था कि वह गुजरात घूमने जा रहा है। वहीं, रविवार को उनके पास गुजरात से कॉल आई, जिससे उन लोगों को पता चला कि सुहेल वहां संदिग्ध आतंकी के रूप में गिरफ्तार हो गया है। यह सुनकर सुहेल के परिजनों के होश उड़ गए। कैप्शन फोटो : एलेकपी 17- सिंगाही में सुहेल के घर जांच-पड़ताल करती खीरी पुलिस। फोटो : एलकेपी 18- घर पर रोती सुहेल की मां रुखसाना।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




