
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
संक्षेप: मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में सुरक्षा बलों ने तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला सदस्य और दो पुरुष शामिल हैं। इन पर जबरन वसूली के आरोप हैं। पुलिस ने उनके पास से हथियार, कारतूस, नकद राशि और अन्य सामान बरामद किया है। मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण सुरक्षा अभियान जारी है।
इंफाल, एजेंसी। सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित ‘पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक’ (पीआरईपीएके) की 22 वर्षीय महिला सदस्य फंजौबम थजमनबी देवी को शुक्रवार को एंड्रो स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सक्रिय सदस्यों को गुरुवार को खुरई लामलोंग और पोरोमपत इलाकों से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान 31 वर्षीय लैशराम किशन सिंह और 48 वर्षीय सेल्हेइबाम जॉयसाना मैतेई उर्फ जॉयमानी के रूप में हुई है।

उनके पास से एक बंदूक, तीन कारतूस, गोला-बारूद और 60 हजार 300 रुपये की नकद राशि, दो चार पहिया वाहन, दो मोबाइल फोन आदि बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इन उग्रवादियों पर इंफाल पूर्व में विद्यालयों, ईंट भट्ठों, अस्पतालों और दवा की दुकानों से जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा बल दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं। पांच नवंबर को मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के सेकमाई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सेकमाई पंगलताबी क्षेत्र से लगभग 2 किलोग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया। मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। एन. बीरेन सिंह के राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है। --

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




