मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के दो जिलों से तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पीएलए से जुड़ी दो महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार महिलाओं में 23 वर्षीय अकोइजम सखेनबी और 18 वर्षीय चोंगथम हेमबेबी हैं। एक अन्य उग्रवादी इंगुडम इंगोचा सिंह को भी गिरफ्तार किया गया, उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई।

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के दो जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ी दो महिला उग्रवादियों समेत तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ये गिरफ्तारियां शनिवार को तेंगनौपाल और इंफाल पूर्व जिलों से की गईं। सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले में सनराइज ग्राउंड के पास से प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान 23 वर्षीय अकोइजम सखेनबी और 18 वर्षीय चोंगथम हेमबेबी के रूप में हुई है। एक अन्य उग्रवादी को प्रतिबंधित संगठन प्रीपैक (प्रो) से जुड़ा बताया गया है। उसे इंफाल पूर्व जिले के नापेटपल्ली इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान 50 वर्षीय इंगुडम इंगोचा सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से पांच कारतूस सहित .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई। इसी बीच, सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को चुराचांदपुर जिले के सिजांग कुकी गांव के पास 10 किलोग्राम का आईईडी बरामद किया। बम निरोधक दस्ते ने उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



